विविध
विपक्ष ने की BHU घटना की निंदा, मोदी ने की योगी से बात

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने काशाी हिन्दू विश्वविद्यालय (BHU) में हुई घटना के मामले में चुप्पी तोड़ते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से बात की और इस मामले को तत्काल सुलझाने का निर्देश दिया।
जबकि कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों तथा छात्र संगठनों ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए BHU के कुलपति को तत्काल बर्खास्त करने तथा मामले की उच्चतम न्यायालय के न्यायाधीश से जांच कराने की मांग की।
श्री मोदी के अलावा भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष अमित शाह ने भी श्री योगी से इस संबंध में बात की जिस पर श्री योगी ने उन्हें आश्वासन दिया कि इस बारे में सभी आवश्यक कदम उठाएंगे। इस बीच कई छात्र और सामाजिक संगठनों ने भी इस घटना को लेकर राजधानी में कई स्थानों पर विरोध-प्रदर्शन किया।
भाजपा के पूर्व अध्यक्ष एवं केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में पारित राजनीतिक प्रस्ताव की जानकारी देने के लिये आयोजित संवाददाता सम्मेलन में पत्रकारों से कहा कि श्री मोदी और श्री शाह ने BHU के मसले पर श्री योगी से बात की है और उन्हाेंने आवश्यक कदम उठाने का भरोसा दिलाया है।




