
महापौर ने दी बारिश में जर्जर सड़कें और नालियां दुरुस्त करने की डेडलाइन, बैठक में 10 करोड़ बजट निर्धारित
बारिश में जर्जर हुई सड़कें और नालियां अक्टूबर तक दुरुस्त कर दी जाएंगी। इसके लिए इसके लिए 10 करोड़ बजट निर्धारित किया। प्रत्येक वार्ड वार पार्षदों को 10 लाख रुपये दिए जाएंगे। ये जानकारी शुक्रवार को हुई नगर निगम कार्यकारिणी की बैठक में महापौर सुषमा खर्कवाल ने दी।
महापौर की अध्यक्षता में हुई बैठक में मृतक आश्रितों का विवरण भी मांगा गया। कहा गया कि घटना के तीन माह के अंदर ही नौकरी दी जाएगी। प्रचार विभाग में तैनात कर्मचारी मनोज कुमार की सड़क हादसे में मौत का प्रकरण रखा गया। जिनके आश्रित को नौकरी नहीं मिली है। इस मामले को मेयर ने गंभीरता से लेकर उचित कार्रवाई की बात कही। वहीं, नगर निगम के नए कार्यालय के लिए 25 अगस्त को टेंडर होना है। स्थल पर सफाई न होने पर जवाब तलब किया। शहर में बने पिंक शौचालय सुधारने की मांग भी की गई।
चरणजीत गांधी को निर्विरोध चुनी गईं उपाध्यक्ष
नगर निगम कार्यकारिणी की बैठक में पार्षद चरणजीत गांधी को निर्विरोध उपाध्यक्ष चुना गया। महापौर सुषमा खर्कवाल समेत सभी सदस्यों ने उनके नाम पर सहमति जताई। महापौर समेत सभी ने उपाध्यक्ष का स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने पदभार ग्रहण किया। चरणजीत गांधी मोतीलाल नेहरू वार्ड से दोबारा पार्षद बनीं हैं। उनके पति राजू गांधी दो बार पार्षद रहे हैं। राजू विधानसभा चुनाव लड़ चुके हैं।
दौड़ में पीछे गए गए अनुराग, अरुण और गब्बर
उपाध्यक्ष बनने की दौड़ में शामिल अनुराग मिश्रा, अरुण राय व राजेश सिंह गब्बर समेत कई पुराने पार्षद पीछे रह गए। कुछ ने पीठ-पीछे विरोध भी किया। कार्यकारिणी में छह नये सदस्य अरुण कुमार राय, पिंकी रावत, राजेश सिंह, राम नरेश चौरसिया, संदीप शर्मा व पृथ्वी गुप्ता के नामों की घोषणा की गई। कक्ष में लगी पूर्व उपाध्यक्ष गिरीश गुप्ता की नेमप्लेट देख पार्षद भड़क गए और प्लेट हटा दी।
शुभांशु के स्वागत को जगह-जगह बनेंगे द्वार
कार्यकारिणी बैठक में महापौर ने बताया कि 25 अगस्त को अंतरिक्ष यात्री विंग कमांडर शुभांशु अपने घर त्रिवेणी नगर आ रहे हैं। उनका नगर निगम भव्य स्वागत करेगा। इसके लिए शहर में जगह-जगह स्वागत द्वार बनाए जाएंगे। महापौर नगर आयुक्त के साथ एयरपोर्ट में स्वागत करने जाएंगी। शुभांशु के नाम पर सड़क और पार्क का नामकरण भी किया जाएगा। पार्क में मोटिवेशनल विचार लिखे रहेंगे इससे बच्चे उन्हें जानेंगे और उन्हें प्रेरणा मिलेगी।
हंगामे के बीच कुछ देर बाद स्थित हो गई बैठक
बैठक शुरू होते ही सदस्यों ने स्ट्रीट लाइट का मुद्दा उठाया। किसी ने कहा कि स्ट्रीट लाइट बंद पड़ी है तो किसी ने अन्य समस्या बताई। अफसरों से सवाल किए कि ईईएसएल से अनुबंध निरस्त होने के बाद नगर निगम ने लाइटें ठीक कराई हैं। अफसरों असंतोष जनक जवाब दिए। इससे सदस्य भड़क गए। महापौर के हस्तक्षेप पर शांत हुए। इसी तरह सदस्यों ने विकास से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण मुद्दे उठाते हुए सवाल किया।
इस बीच उद्यान विभाग द्वारा अनुरक्षण के कराए गए काम और एक ही जोन में ठेकेदार की व्यवस्था पर हंगामा हुआ। अपर नगर आयुक्त डॉ. अरविंद राव ने जवाब देने की कोशिश की तो कहासुनी हुई। नगर आयुक्त गौरव कुमार के हस्तक्षेप करने पर मामला शांत हुआ। पार्षदों ने नगर आयुक्त पर मनमानी का आरोप लगाते हुए सदन में निंदा प्रस्ताव रखने की बात कही। इसी तरह हंगामा और आरोप-प्रत्यारोप की बीच दोपहर तक चली बैठक स्थगित कर दी गई।
नाराज पार्षद कुर्सी से उठे
बैठक में अपर नगर आयुक्त डॉ. अरविंद कुमार ने उद्यान विभाग की तरफ से सभी जोन में वीवीआईपी मूवमेंट के लिए 20-20 कर्मचारी रखने का प्रस्ताव रखा गया। जोकि सड़क पर सफाई, हरियाली, पेड़ों की कटिंग आदि काम करेंगे। इस प्रस्ताव आने पर पार्षदों ने जोन वार की जगह पर वार्ड वार करने की मांग उठाई। इस पर अपर नगर आयुक्त ने छह माह का समय मांगा। लेकिन, पार्षद नहीं माने और नाराज होकर कुर्सी से उठ गए।
स्वेज इंडिया को घेरा, मांगी जानकारी
पार्षद अरुण राय ने स्वेज इंडिया पर सवाल उठाए। सीवर सफाई में लगे संसाधन और कर्मचारी की उपस्थिति व अन्य जानकारी मांगी। नगर निगम द्वारा स्वेज इंडिया को टेंडर देने के बाद डीलर को ठेका देने का भी आरोप लगाया। वहीं, सपा पार्षद राम नरेश चौरसिया ने भी तीन साल से संस्था द्वारा किसी तरह का काम न करने की बात कही। इसी तरह कार्यकारिणी सदस्य अनुराग मिश्रा ने खराब स्ट्रीट लाइट, जलनिकासी न होना, जर्जर सड़क आदि अव्यवस्थाओं का मुद्दा उठाया।