लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर शुक्रवार को सैकड़ों लोगों के साथ विभिन्न योगासन किए।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए राज्यपाल और मुख्यमंत्री यहां राजभवन के बागीचे में सैकड़ों लोगों के साथ शामिल हुए। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने इस अवसर पर कहा, अंतरराष्ट्रीय योग दिवस वास्तव में नये प्रोत्साहन का दिवस है। यह दिवस हमें हमारी परंपराओं पर गर्व करने के लिए प्रोत्साहित करता है।
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि योग मस्तिष्क और शरीर को स्वस्थ रखने का एक तरीका है। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस संपूर्ण मानवता के कल्याण के मार्ग को प्रशस्त करता है। योग मानवता के अनुकूल है। यदि हम खुद को और पूरी मानवता को इससे जोड़ते हैं तो यह पूर्वजों और विरासत के प्रति हमारी सच्ची श्रद्धा होगी।
पीएम मोदी के विजन और प्रयासों का परिणाम है कि आज पूरी दुनिया अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस से जुड़कर भारत की संस्कृति और परंपरा को गौरवान्वित कर रही है। योग एक संपूर्ण विद्या है जो हमें शारीरिक और मानसिक रूप से एकजुट करता है।
पर्यटन विभाग की तरफ से आयोजित इस कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई मंत्री और अधिकारी शामिल हुए। योग दिवस का आयोजन विभिन्न संगठनों द्वारा राज्य की राजधानी में कई स्थानों पर किया गया जिसमें सभी आयु के लोगों ने योगासन किये।
राज्यों से जुड़ी हर खबर और देश-दुनिया की ताजा खबरें पढ़ने के लिए
नार्थ इंडिया स्टेट्समैन से जुड़े। साथ ही लेटेस्ट हिन्दी खबर से जुड़ी जानकारी के लिये हमारा ऐप को डाउनलोड करें।