
विश्वविद्यालय में महात्मा गांधी के विचारों से प्रेरित कार्यक्रम कराएं
प्रदेश की राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने आज यहां राजभवन स्थित प्रज्ञाकक्ष में महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ की नैक ग्रेडिंग हेतु तैयार सेल्फ स्टडी रिपोर्ट का अवलोकन किया। विश्वविद्यालय ने इसके पूर्व वर्ष 2004 में नैक का ‘बी प्लस’ वर्ष 2012 में ‘बी’ तथा वर्ष 2018 में ‘सी’ ग्रेड प्राप्त किया है। अब चौथी बार ग्रेडिंग के लिए एस0एस0आर0 तैयार कर रहा है।
राज्यपाल ने प्रस्तुतिकरण की बिन्दुवार समीक्षा करते हुए रिपोर्ट को असंतोषजनक बताया। उन्होंने प्रत्येक क्राइटेरिया में व्यापक सुधार के निर्देश दिए और प्रस्तुतीकरण के सुदृढ़ करने को कहा। राज्यपाल जी ने समीक्षा के दौरान विश्वविद्यालय में महात्मा गांधी के दर्शन और प्रेरणाओं का वातावरण बनाने को कहा। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय के परिसर में महात्मा गांधी के विचारों से प्रेरित कार्यक्रमों का आयोजन कराकर उसमें विद्यार्थियों की प्रतिभागिता करायी जाये। उन्होंने गांधी जी की स्मृतियों पर बनी वीथिका को प्रस्तुतीकरण में दर्शाने का सुझाव देते हुए कहा कि 102 वर्ष पुराने इस विश्वविद्यालय का गौरव अपने एस0एस0आर0 में दर्शाएं।
राज्यपाल ने विश्वविद्यालय की नैक तैयारियों हेतु गठित टीम से प्रस्तुतिकरण का पुनरावलोकन करने को कहा। उन्होंने टीम में नवनियुक्त शिक्षकों और विद्यार्थियों को जोड़ने का निर्देश दिया। राज्यपाल जी ने टीम के सदस्यों से कहा कि विद्यार्थियों को नैक ग्रेडिंग की उपयोगिता बताएं, जिससे विद्यार्थी भी इसकी तैयारियों में सकारात्मक योगदान दें। उन्होंने विश्वविद्यालय परिसर में होने वाले विद्यार्थियों के कार्यक्रमों पर पुस्तक बनाने का निर्देश भी दिया। उन्होंने इसका विवरण प्रस्तुतिकरण के हायपर लिंक में जोड़ने को कहा। राज्यपाल जी ने विद्यार्थियों की कलाकृतियों और पेंटिंग्स को भी परिसर में प्रदर्शित कराने को कहा।
पुस्तकालय पर चर्चा करते हुए राज्यपाल जी ने अन्य विश्वविद्यालयों द्वारा 24 घंटे पुस्तकालय सुविधा उपलब्ध होने का उदाहरण देते हुए विश्वविद्यालय में इसके खोलने की समय-सीमा बढ़ाने को कहा। उन्होंने नैक तैयारी हेतु गठित टीम को तैयारी के लिए अपना अधिक समय देने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि सभी सदस्य समर्पित होकर नैक के उच्चतम ग्रेड के लिए तैयारी करें। उन्होंने कहा कि अपनी तैयारी हेतु टीम के सदस्य उच्चतम नैक ग्रेड प्राप्त विश्वविद्यालयों से मार्ग-दर्शन भी लें।
बैठक में अपर मुख्य सचिव राज्यपाल श्रीमती कल्पना अवस्थी, विशेष कार्याधिकारी शिक्षा श्री पंकज जॉनी, विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो0 आनंद कुमार त्यागी, टीम के सभी सदस्य तथा अन्य अधिकारी उपस्थित थे।