
राज्यपाल ने गणतंत्र दिवस पर प्रदेशवासियों को दी बधाई
उत्तर प्रदेश की राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने 74वें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर देश एवं प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके सुखी, समृद्ध एवं स्वस्थ जीवन की कामना की है।
राज्यपाल ने गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर जारी अपने बधाई सन्देश में कहा कि गणतंत्र दिवस का पर्व हम सबको एक सूत्र में बांधने वाली भारतीयता के गौरव का उत्सव है। उन्होंने कहा कि इस शुभ अवसर पर विविधता में एकता की संस्कृति को बनाये रखते हुए अपने संविधान निर्माताओं की आकांक्षाओं एवं महापुरुषों की इच्छाओं को पूर्ण करने का संकल्प लें और आत्मनिर्भर भारत का सपना साकार करें।
गणतंत्र दिवस के अवसर पर राज्यपाल का जनता के नाम सन्देश का प्रसारण दूरदर्शन केन्द्र, लखनऊ से 26 जनवरी, 2023 को प्रातः 8ः30 बजे और आकाशवाणी केन्द्र, लखनऊ से 26 जनवरी, 2023 को रात्रि 7ः30 बजे प्रसारित किया जायेगा।