
आकाशवाणी और दूरदर्शन से राज्यपाल के सन्देश का प्रसारण 26 जनवरी को
उत्तर प्रदेश की राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने 73वें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर समस्त प्रदेशवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके सुखी व स्वस्थ्य जीवन की कामना की है।
राज्यपाल ने गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर जारी अपने बधाई सन्देश में देश के समस्त अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा है कि स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान के कारण आज भारत पूरे विश्व में एक स्वतंत्र तथा सशक्त जनतंत्र राष्ट्र के रूप में प्रतिष्ठित है।
उन्होंने कहा कि हमारा संविधान देश के लोगों को शैक्षिक, आर्थिक, सामाजिक एवं राजनैतिक रूप से समान अवसर देता है। राज्यपाल जी ने कहा कि सभी लोग समाज व राष्ट्र की सेवा कर अपने दायित्व का निर्वाहन करें और लोकतांत्रिक सिद्धान्तों एवं जीवन मूल्यों की जीवन्तता को बनाये रखें। इसके साथ ही संविधान प्रदत्त अपने अधिकारों के साथ-साथ देश के प्रति अपने कर्तव्यों को भी हमेशा याद रखें।
गणतंत्र दिवस के अवसर पर राज्यपाल का जनता के नाम सन्देश का प्रसारण आकाशवाणी केन्द्र, लखनऊ से 26 जनवरी, 2021 को रात्रि 7ः30 बजे और दूरदर्शन केन्द्र, लखनऊ से रात्रि 8ः30 बजे प्रसारित किया जायेगा।