
तीरथ मंत्रिमंडल का विस्तार आज, 11 मंत्री ले सकते हैं शपथ
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत का मंत्रिमंडल विस्तार आज शुक्रवार शाम को होगा। राजभवन को इसके लिए सूचित किया जा चुका है। सूत्रों की मानें तो संगठन, सांसदों सहित विधायकों से फीडबैक ले लिया गया है। कैबिनेट मंत्रियों के नामों पर अंतिम निर्णय दिल्ली की मुहर के बाद ही होगा। संगठन में आपसी खींचतान की वजह से भाजपा संगठन को नामों पर मुहर लगाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
सूत्रों की मानें तो त्रिवेंद्र सरकार में सबसे ज्यादा पावरफुल मंत्री रहे मदन कौशिश की छुट्टी हो सकती है। इसी के साथ ही सरकारी प्रवक्ता का पद भी उनसे लिया जा सकता है। कौशिक की बतौर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के पद पर नियुक्ति की गई है। सूत्रों ने बताया कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत को डिप्टी सीएम की जिम्मेदारी दी जा सकती है। अगर ऐसा होता है तो, प्रदेश की 20 सालों की राजनीति में पहली बार किसी को डिप्टी सीएम बनाया जाएगा।
राजनीतिक सूत्रों की मानें तो, कौशिक के साथ ही उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत और शिक्षा मंत्री अरविंद को भी ड्रॉप किया जा सकता है। वहीं,अटकलों के बाजार में गढ़वाल व कुमाऊं के विधायकों को बैलेंस बनाने के लिए कैबिनेट में शामिल किया जा सकता है। यमकेशवर विधायक ऋतू खंडूरी, डिडिहाट से बिशन सिंह चुफाल, कालाढूंगी से बंशीधर भगत और खटीमा से पुष्कर सिंह धामी को कैबिनेट में शामिल किया जा सकता है।
ऐसा करने से तीरथ, गढ़वाल व कुमाऊं मंडलों में बैलेंस करने की पूरी कोशिश होगी ताकि अगले साल आने वाले विधानसभा चुनाव -2022 में भाजपा की दोबारा सरकार बन सके। शुक्रवार शाम को राजभवन में विधायकों को पद व गोपनियता की शपथ दिलाई जा सकती है।
उत्तराखंड भाजपा के प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम ने कहा कि 11 विधायकों को आज पद और गोपनियता की शपथ दिलाई जाएगी। संसदीय बोर्ड के सदस्यों की ओर से कैबिनेट मंत्रियों के नाम पर चर्चा की जा रही है और दोपहर तक नाम फाइनल कर दिए जाएंगे। कैबिनेट मंत्रियों के नाम को फाइनल करने से पहले हर पहलुओं पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत से दिन में कई विधायकों ने सेफ हाउस में मुलाकात की। यहां मंत्रिमंडल गठन के साथ ही विधानसभा क्षेत्रों की समस्याओं को लेकर भी सीएम से चर्चा की गई। यही नहीं, मंत्रिमंडल के साथ ही उत्तराखंड भाजपा संगठन में भी अहम बदलाव की संभावना जताई जा रही है। सीएम गुरुवार शाम हरिद्वार से लौटने के बाद कुछ देर जीएमएस रोड स्थित घर पहुंचे। फिर सीएम का काफिला बीजापुर सेफ हाउस निकला।
यहां भाजपा के तीन दर्जन से अधिक विधायकों ने सीएम से मुलाकात की। कुछ विधायकों ने सीएम से अलग-अलग मुलाकात की। भाजपा के सूत्रों ने बताया कि मुलाकात के दौरान विधायकों के साथ अगले एक-दो दिनों में होने वाले मंत्रिमंडल गठन के बारे में चर्चा की गई। इस बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत भी थे। हालांकि, भगत ने इसे, इन विधायकों की सामान्य शिष्टाचार मुलाकात करार दिया है।
सीएम तीरथ सिंह रावत से अलग-अलग मुलाकात करने वालों में सतपाल महाराज और सुबोध उनियाल शामिल हैं। विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन ने भी सीएम से अलग से मुलाकात की। गुरुवार को गसीएम से मिलने वालों में डॉ. धन सिंह रावत, विनोद चमोली, पूरन सिंह फत्र्याल, प्रेम सिंह राणा, खजानदास, ऋतु खंडूड़ी, मीना गंगोला, गणेश जोशी, मुन्नी देवी, चंद्रा पंत, राजेश शुक्ला, आदेश चौहान, यतीश्वरानंद, देशराज कर्णवाल, पुष्कर सिंह धामी सहित कई विधायक शामिल रहे।
नई कैबिनेट के गठन को लेकर सीएम तीरथ सिंह रावत भाजपा संगठन से भी विचार-विमर्श कर रहे हैं। उत्तराखंड में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं। लिहाजा, माना जा रहा है कि आखिरी साल में गठित होने वाली कैबिनेट में संगठन की राय को प्रमुखता दी जाएगी। पार्टी के पुराने नेताओं और कई बार के विधायकों को मंत्रिमंडल में प्राथमिकता मिल सकती है। क्षेत्रीय और जातीय संतुलन का भी ध्यान रखा जाना है।
उत्तराखंड में नई कैबिनेट गठन की कवायद शुरू हो गई है। शुक्रवार शाम तक शपथ ग्रहण समारोह हो सकता है। सीएम तीरथ सिंह रावत जल्द फैसला लेंगे। कैबिनेट गठन को लेकर शीर्ष नेतृत्व से भी राय मशविरा किया जाएगा। मेरी राय में भी कैबिनेट के सभी पदों पर नियुक्तियां जल्द कर देनी चाहिए। कुछ नए चेहरे भी शामिल होने की उम्मीद है। लेकिन, इस बारे में अंतिम निर्णय सीएम को ही करना है।