
भाजपा की जन विश्वास यात्रा का वाराणसी में हुआ भव्य स्वागत, सड़को पर हुयी पूजा
भाजपा की जन विश्वास यात्रा का वाराणसी में भव्य स्वागत हुआ। इसको लेकर लोगों में सुबह से ही उत्साह था और जन विश्वास यात्रा की तैयारियां शुरू कर दी गयी थी। हर स्वागत द्वार को गाजर, बैगन, आलू, मूली, केले के पत्ते और अशोक के पत्तों से सजाया गया।
जन विश्वास यात्रा शहर के लिए सुबह से ही लोग सड़कों पर इकट्ठा होने लगे थे। गोदौलिया से चौक और मैदागिन तक यात्रा के स्वागत में पुष्प वर्षा किये गये। यात्रा काशी विश्वनाथ धाम, चौक थाना, नीचीबाग महानगर कार्यालय होते हुए मैदागिन के रास्ते लहुराबीर के लिये गयी।
जन विश्वास यात्रा शहर में आते ही लोगों का हुजूम सड़कों पर उतर आया। जन विश्वास यात्रा के रथ पर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, मंत्री नंद गोपाल नंदी, राज्य मंत्री नीलकंठ तिवारी समेत कई नेता सवार रहे। भारी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता यात्रा के आगे-आगे चलते दिखे।
स्वागत के लिए जगह-जगह तोरण द्वार बनाए गए। शहरी क्षेत्रों में हर हर मोदी और हर हर योगी के नारों से यात्रा का स्वागत हुआ। सोनारपुरा चौराहे पर देशभक्ति से ओतप्रोत नुक्कड़ नाटक का भी आयोजन किया गया। मदनपुरा पहुंचते ही अल्पसंख्यक मोर्चा के हैदर अब्बास चांद, हाजी अनवर अहमद, शकील अहमद, मोहम्मद आसिफ, जावेद अहमद ने यात्रा का स्वागत किया।
इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि आज हम लोग जन विश्वास यात्रा लेकर काशी की जनता का आशीर्वाद लेने आये हैं। उन्होंने दावा किया कि अब कि बार भाजपा 300 पार सीट लेकर आएगी। इस यात्रा के माध्यम से चुनाव का शंखनाद हो चुका है।