
खेल से शारीरिक, मानसिक व बौद्धिक क्षमता में वृद्धि, जीवन में अनुशासित रहना आवश्यक: राज्यपाल
उत्तर प्रदेश की राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश दिवस कार्यक्रम की श्रृंखला के क्रम में आज यहां राजभवन में आयोजित ‘अलंकरण समारोह’ में काॅमनवेल्थ गेम्स-2022 में राज्य के पदक विजेता एवं प्रतिभागी खिलाड़ियों तथा 36वें नेशनल गेम्स-2022 के प्रदेश के पदक विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया। अलंकरण समारोह में काॅमनवेल्थ गेम्स-2022 में पदक विजेता एवं प्रतिभागी 14 खिलाड़ियांे को कुल 05 करोड़ 30 लाख रुपये की पुरस्कार राशि एवं स्मृति चिन्ह प्रदान किये गये। साथ ही, नेशनल गेम्स में पदक विजेता 66 खिलाड़ियों को कुल 02 करोड़ 58 लाख 50 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गयी।
अलंकरण समारोह को सम्बोधित करते हुए राज्यपाल जी ने कहा कि कोई व्यक्ति जब खिलाड़ी बनता है तो उसकी शारीरिक, मानसिक व बौद्धिक क्षमता में वृद्धि होती है। वह अनुशासित होता है। जीवन में अनुशासित रहना आवश्यक है। हार-जीत खेल का हिस्सा है। खिलाड़ी को हार से निराश नहीं होना चाहिए। जीतने का प्रयास करना चाहिए और जीतने पर अहंकार नहीं आना चाहिए। शिष्टता व विवेकशीलता के साथ दूसरों की मदद करने की भावना होनी चाहिए।
राज्यपाल जी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने खिलाड़ियों को अपने क्षेत्र के बच्चों को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने का संदेश दिया है। एक खिलाड़ी कम से कम 10 खिलाड़ियों को तैयार करे। सभी खिलाड़ी अपनी सामाजिक जिम्मेदारियों का निर्वहन भी करें। स्वास्थ्य की दृष्टि से खेल सभी के लिए आवश्यक हैं। खेल से व्यक्ति की शारीरिक एवं मानसिक क्षमता में वृद्धि होती है। केन्द्र व राज्य सरकार खिलाड़ियों को अनेक प्रकार की सुविधाएं प्रदान कर रही हैं। इन सुविधाओं में उत्तरोत्तर वृद्धि हो रही है। सभी खिलाड़ी अपने घर, परिवार, राज्य व केन्द्र सरकार से प्राप्त होने वाली इन सुविधाओं का सम्मान करें और संकल्प के साथ मेहनत करें।
राज्यपाल ने कहा कि बच्चे कम खर्च में विभिन्न पारम्परिक खेलों से जुड़ सकते हैं। राजभवन में लड़कियों को जूडो सिखाया जा रहा है। विगत 02 वर्षाें से यहां के बच्चों को परम्परागत खेलों से जोड़ा गया है। खेल के साथ पढ़ाई भी जरूरी है। खेल से जीवन में सफल होने के अवसर अधिक मिलते हैं। हर खिलाड़ी को अपनी क्षमता के अनुसार आगे बढ़ने का प्रयास करना चाहिए। एक खिलाड़ी को तैयार करने में उसके माता-पिता और प्रशिक्षक का महत्वपूर्ण योगदान होता है। खिलाड़ी द्वारा अपने पुरस्कार को अपने माता-पिता तथा गुरु को समर्पित किया जाना हमारे संस्कार को प्रकट करता है।
मुख्यमंत्री ने अलंकरण समारोह को सम्बोधित करते हुए कहा कि आज पूरा देश अपना 74वां गणतंत्र दिवस धूमधाम से मना रहा है। प्रदेश आज संविधान लागू होने की तिथि को कर्तव्य तिथि के रूप में आयोजित करके महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, अमर बलिदानियों का स्मरण करते हुए देश के संविधान द्वारा प्रदत्त अपने संवैधानिक कर्तव्यों के प्रति संकल्पित है। देश को दुनिया की महाशक्ति के रूप में स्थापित करने के प्रधानमंत्री जी के पंचप्रण के अभियान के साथ आज पूरा देश जुड़ रहा है।
आज बसन्त पंचमी का भी पावन अवसर है। बसन्त पंचमी प्रकृति के सौन्दर्य और सुन्दरता को प्रदर्शित करने वाले प्राकृतिक परिवर्तन की महत्वपूर्ण कड़ी है। बसन्त पंचमी ज्ञान की अधिष्ठात्री देवी माँ सरस्वती के पूजन की तिथि भी है। इस विशिष्ट तिथि पर उत्तर प्रदेश दिवस कार्यक्रम की श्रृंखला में प्रदेश के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का अलंकरण समारोह राज्यपाल जी के सान्निध्य में आयोजित किया गया है।
मुख्यमंत्री जी ने अलंकरण समारोह में सम्मानित खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में विगत 08 वर्षों में देश में खेल व खेल से जुड़ी हुई विभिन्न विधाओं को आगे बढ़ाने के अनेक कार्यक्रम संचालित किए गए हैं। ‘खेलो इण्डिया’ कार्यक्रम की सफलता के परिणाम सभी के सामने हैं।
प्रदेश सरकार ने टोक्यो ओलम्पिक में पदक प्राप्त करने वाले देश के सभी खिलाड़ियों और राज्य के पदक विजेता एवं प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ियों के लिए एक अलंकरण समारोह आयोजित कर उन्हें सम्मानित करने का कार्य किया। ऐसा कार्य करने वाला उत्तर प्रदेश देश का पहला राज्य है। इसके अलावा राज्य सरकार ने पैरालम्पिक खेल में देश के पदक विजेता खिलाड़ियों और इस खेल में प्रदेश से प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि राज्य सरकार ने खेल के क्षेत्र में अनेक कार्यक्रम आगे बढ़ाये हैं। गांवों में खेल के मैदान के लिए जमीन आरक्षित करने, खेल के मैदान बनाने, ओपेन जिम के निर्माण तथा विकास खण्ड स्तर पर मिनी स्टेडियम एवं जनपद स्तर पर स्टेडियम बनाने जैसे कार्य युद्धस्तर पर जारी हैं। युवक मंगल दल एवं महिला मंगल दल के माध्यम से सभी ग्राम पंचायतों में स्पोर्ट किट उपलब्ध करायी जा रही। अन्तर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में प्रदेश के जिन खिलाड़ियों ने मेडल प्राप्त किये हैं, उनकी राजपत्रित पदों पर भर्ती की प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए राज्य सरकार ने हाल ही में 02 खिलाड़ियों को नियुक्ति पत्र जारी किये हैं। प्रदेश सरकार शेष खिलाड़ियों के लिए भी शीघ्र ही नियुक्ति पत्र जारी करेगी और उन्हें सरकारी नौकरी से जोड़ेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री जी के मार्गदर्शन में मेरठ में मेजर ध्यानचन्द के नाम पर राज्य का पहला खेल विश्वविद्यालय बनने जा रहा है। प्रदेश के परम्परागत उद्यम को प्रोत्साहित करने के लिए एक जनपद एक उत्पाद योजना (ओ0डी0ओ0पी0) को वर्ष 2018 में शुरू किया गया। इस योजना में खेल सामग्री को जनपद मेरठ के विशिष्ट उत्पाद के रूप में शामिल किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार खेल विधाओं व खिलाड़ियों के प्रोत्साहन के लिए प्रतिबद्ध है। राज्य सरकार द्वारा अन्तर्राष्ट्रीय व राष्ट्रीय स्तर की विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के पदक विजेता खिलाड़ियों को प्रोत्साहनस्वरूप धनराशि प्रदान की जाती है। प्रदेश सरकार ओलम्पिक में एकल स्पर्धा मंे स्वर्ण पदक विजेता को 06 करोड़ रुपये, रजत पदक विजेता को 04 करोड़ रुपये, कांस्य पदक विजेता को 02 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान करती है। वहीं टीम स्पर्धा में स्वर्ण जीतने वाली टीम को 03 करोड़ रुपये, रजत तथा कांस्य पदक जीतने वाली टीम को क्रमशः 02 करोड़ रुपये व 01 करोड़ रुपये प्रदान किये जाते हैं।
एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक विजेता को 03 करोड़ रुपये, रजत पदक विजेता को 1.5 करोड़ रुपये, कांस्य पदक विजेता को 75 लाख रुपये की पुरस्कार राशि राज्य सरकार प्रदान करती है। राज्य सरकार काॅमनवेल्थ गेम्स एवं विश्व चैम्पियनशिप में स्वर्ण पदक विजेता को 1.5 करोड़ रुपये, रजत पदक विजेता को 75 लाख रुपये, कांस्य पदक विजेता को 50 लाख रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान करती है। राज्य सरकार ओलम्पिक गेम्स में प्रदेश से प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ी को 10 लाख रुपये तथा एशियन गेम्स एवं काॅमनवेल्थ गेम्स में प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ियों को 05-05 लाख रुपये प्रदान करती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बर्मिंघम, इंग्लैण्ड में आयोजित हुए काॅमनवेल्थ गेम्स-2022 में उत्तर प्रदेश के 14 खिलाड़ियों ने भाग लेते हुए कुल 08 पदक जिनमें-04 रजत पदक व 04 कांस्य पदक प्राप्त कर देश व विदेश में उत्तर प्रदेश को गौरवान्वित किया है। गुजरात में आयोजित हुए 36वें नेशनल गेम्स-2022 में प्रदेश के खिलाड़ियों ने 18 खेलों मेें कुल 56 पदक-20 स्वर्ण, 18 रजत व 18 कांस्य पदक प्राप्त कर प्रदेश का मान बढ़ाया है।
कार्यक्रम को खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री गिरीश चन्द्र यादव ने भी सम्बोधित किया।
ज्ञातव्य है कि काॅमनवेल्थ गेम्स-2022 में प्रदेश की-सुश्री प्रियंका गोस्वामी (एथलेटिक्स), सुश्री मेघना सिंह (क्रिकेट), सुश्री दीप्ति शर्मा (क्रिकेट) और श्री ललित कुमार उपाध्याय (हाॅकी) ने रजत पदक जीता। वहीं, सुश्री अन्नू रानी (एथलेटिक्स), सुश्री दिव्या काकरान (कुश्ती), श्री विजय कुमार यादव (जूडो), सुश्री वंदना कटारिया (हाॅकी) ने कांस्य पदक प्राप्त किया। काॅमनवेल्थ गेम्स-2022 में प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ियों में श्रीमती सीमा पुनिया (एथलेटिक्स), श्रीमती सरिता रोमित सिंह (एथलेटिक्स), श्री रोहित यादव (एथलेटिक्स), सुश्री पूनम यादव (भारोत्तोलन), सुश्री पूर्णिमा पाण्डेय (भारोत्तोलन), श्री विश्वनाथ यादव (ट्रायथलान) सम्मिलित रहे।
इस अवसर पर मुख्य सचिव श्री दुर्गा शंकर मिश्र, अपर मुख्य सचिव खेल श्री नवनीत सहगल, प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री, गृह एवं सूचना श्री संजय प्रसाद, प्रमुख सचिव राज्यपाल श्रीमती कल्पना अवस्थी, खेल निदेशक श्री आर0पी0 सिंह, सूचना निदेशक श्री शिशिर सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।