पटना। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बारे में हाल की अपनी टिप्पणी को दोहराते हुए बृहस्पतिवार को दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के बीच बढ़ती कथित दूरी दर्शाती है कि लोकसभा नतीजे आने के बाद बिहार में ‘कुछ बड़ा’ होगा।
तेजस्वी ने यहां पत्रकारों से कहा, ‘‘जब से हमने कहा कि चार जून के बाद हमारे चाचा (नीतीश कुमार) अपनी पार्टी को बचाने के लिए कोई बड़ा निर्णय ले सकते हैं, तब से वह प्रचार में नहीं निकले हैं। प्रशासन का काम राज्यपाल देख रहे हैं एवं अधिकारियों को बुलाकर के समीक्षा कर रहे हैं। जदयू और भाजपा अपनी-अपनी सीट पर लगी हुई है। उनके बीच कोई तालमेल नहीं है। यह जो अंतर है वह दिखाता है कि चार जून के बाद कुछ बड़ा होगा।
राजद नेता ने 28 मई को नीतीश कुमार के बारे में कहा था, ‘‘हमारे चाचा पिछडों की राजनीति और पार्टी बचाने के लिए कोई भी बडा फैसला चार जून के बाद कर सकते हैं।’’ नीतीश कुमार के महागठबंधन से नाता तोड़कर भाजपा नीत राजग में चले जाने के कारण तेजस्वी यादव ने जनवरी में उपमुख्यमंत्री पद खो दिया था।
यह पूछे जाने पर कि क्या वह जदयू प्रमुख के साथ फिर से गठबंधन करेंगे तेजस्वी ने कहा था, ‘यह बाद में देखा जाएगा।’ पिछले एक दशक में नीतीश कुमार ने दो बार तेजस्वी यादव के पिता लालू प्रसाद के नेतृत्व वाले राजद के साथ गठबंधन किया। हाल में जदयू 1990 के दशक से उसकी सहयोगी रही भाजपा के साथ फिर चला गया।
खराब स्वास्थ्य के कारण व्हीलचेयर पर चुनाव प्रचार कर रहे युवा राजद नेता ने कहा, ‘‘आज प्रचार का अंतिम दिन हैं और प्रचार समाप्त होने तक मेरी 251 चुनावी सभाएं हो जाएंगी।
राज्यों से जुड़ी हर खबर और देश-दुनिया की ताजा खबरें पढ़ने के लिए
नार्थ इंडिया स्टेट्समैन से जुड़े। साथ ही लेटेस्ट हिन्दी खबर से जुड़ी जानकारी के लिये हमारा ऐप को डाउनलोड करें।