राष्ट्रपति धर्मेंद्र को मरणोपरांत पद्म विभूषण से किया सम्मानित, CM योगी बोले- यह सिनेमा के लिए गौरव का क्षण
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने आज राष्ट्रपति भवन में सुप्रसिद्ध अभिनेता स्व. धर्मेंद्र सिंह देओल को कला क्षेत्र में उनके विशिष्ट एवं अतुलनीय योगदान के लिए पद्म विभूषण (मरणोपरांत) प्रदान किया। यह पुरस्कार उनकी पत्नी भारतीय जनता पार्टी की सांसद और अभिनेत्री हेमा मालिनी ने ग्रहण किया।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर लिखा, “मा. राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु जी द्वारा आज नई दिल्ली में कला के क्षेत्र में विशिष्ट एवं अतुलनीय योगदान हेतु सुप्रसिद्ध अभिनेता स्व. धर्मेन्द्र सिंह देओल जी को ‘पद्म विभूषण’ (मरणोपरांत) से सम्मानित किया जाना भारतीय सिनेमा जगत के लिए अत्यंत गौरव का क्षण है।”
सीएम योगी ने आगे कहा कि अपनी सशक्त अभिनय शैली और सरल व्यक्तित्व से दशकों तक जनमानस के हृदय पर अमिट छाप छोड़ने वाले धर्मेंद्र जी ने भारतीय फिल्म जगत को नई ऊंचाइयां दीं। यह सम्मान उनके अद्वितीय योगदान को राष्ट्र की विनम्र श्रद्धांजलि है।



