खेल-खिलाड़ी

IND A vs PAK A: एशिया कप में भारत-पाकिस्तान की टक्कर, जीत के लिए मैदान में उतरेगीं टीम इंडिया

दोहा। क्रिकेट प्रेमियों को एक बार फिर भारत और पाकिस्तान के बीच रोमांचक मुकाबला देखने को मिलने वाला है। एसीसी पुरुष एशिया कप राइजिंग स्टार्स टूर्नामेंट में रविवार को भारत ए और पाकिस्तान ए की टीमें आमने-सामने होंगी। दोनों टीमों ने जीत के साथ अपने अभियान का आगाज किया है। ऐसे में इस मुकाबले में जीत दर्ज कर अपनी लय बरकरार रखने के साथ ही विरोधी टीम पर दबाव बनाने की कोशिश होगी। तिलक वर्मा की कप्तानी वाली भारतीय टीम अपने पिछले मुकाबले में नेपाल को 306 रनों से हराकर पूरे आत्मविश्वास में है।

नेपाल को 306 रन से रौंदकर बुलंद हैं भारतीयों के हौसले

भारत ए ने शुक्रवार को अपने पहले मुकाबले में नेपाल के खिलाफ बल्ले और गेंद दोनों से शानदार प्रदर्शन किया। भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए नौ विकेट पर 332 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। इसके जवाब में नेपाल की पूरी टीम महज 11.3 ओवर में 26 रन पर सिमट गई। इस जीत के हीरो विकेटकीपर बल्लेबाज कुमार कुशाग्र और कप्तान तिलक वर्मा रहे। दोनों ने शानदार शतक जड़ते हुए टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाया। कुशाग्र ने 117 रन बनाए, जबकि तिलक ने 107 रनों की पारी खेली। गेंदबाजी में भी भारतीय खिलाड़ियों ने कहर बरपाया। तेज गेंदबाज प्रिंस यादव ने पांच विकेट झटके, जबकि हर्षित राणा ने चार बल्लेबाजों को पवेलियन भेजकर नेपाल की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी।

भारत के पास अभिषेक, रिंकू और वैभव जैसे धुरंधर

पाकिस्तान ए के खिलाफ भारतीय टीम की बल्लेबाजी काफी मजबूत नजर आ रही है। टीम में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का अनुभव रखने वाले कई खिलाड़ी मौजूद हैं। आक्रामक सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा, 15 वर्षीय युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी, रिंकू सिंह और प्रभसिमरन सिंह जैसे खिलाड़ी किसी भी समय मैच का रुख बदलने की क्षमता रखते हैं। कप्तान तिलक वर्मा और कुमार कुशाग्र भी नेपाल के खिलाफ शतक लगाकर अपनी शानदार फॉर्म का संकेत दे चुके हैं। ऐसे में पाकिस्तान के गेंदबाजों के सामने भारतीय बल्लेबाजी को रोकने की बड़ी चुनौती होगी।

पाकिस्तान ने भी जीत से किया आगाज

दूसरी ओर, गत चैंपियन पाकिस्तान ए की टीम भी अपने पहले मुकाबले में जीत हासिल कर चुकी है। अब्दुल समद की कप्तानी वाली पाकिस्तानी टीम ने यूएई को 61 रन से हराया था। पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 245 रन बनाए। इसमें शमिल हुसैन ने 62 और माज सदाकत ने 53 रनों का अहम योगदान दिया। इसके बाद गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए यूएई की पारी 184 रन पर समेट दी। बाएं हाथ के स्पिनर सुफियान मुकीम और तेज गेंदबाज अली रजा ने तीन-तीन विकेट हासिल किए। कप्तान अब्दुल समद, शमिल हुसैन, माज सदाकत और तेज गेंदबाज मोहम्मद हसनैन पाकिस्तान के प्रमुख खिलाड़ियों में शामिल हैं।

2023 की हार का बदला लेने का मौका

भारत और पाकिस्तान ए के बीच होने वाले इस मुकाबले का रोमांच इसलिए भी बढ़ गया है, क्योंकि पिछली बार 2023 के फाइनल में पाकिस्तान ने भारत को 128 रन से हराकर खिताब अपने नाम किया था। पाकिस्तान मौजूदा 50 ओवर के टूर्नामेंट का गत चैंपियन है। ऐसे में भारतीय टीम के पास पाकिस्तान के खिलाफ जीत दर्ज कर पुरानी हार का हिसाब बराबर करने का मौका होगा। हालांकि, पाकिस्तान की टीम भी अपने खिताब और प्रतिष्ठा को बचाने के इरादे से मैदान पर उतरेगी।

सेमीफाइनल में जगह बनाने पर भी रहेंगी नजरें

आठ टीमों के इस टूर्नामेंट को दो ग्रुप में बांटा गया है। प्रत्येक ग्रुप की शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल में प्रवेश करेंगी। भारत ए की टीम पाकिस्तान ए के खिलाफ मुकाबले के बाद 24 नवंबर को यूएई से अपना आखिरी ग्रुप मैच खेलेगी। अब देखना दिलचस्प होगा कि तिलक वर्मा की कप्तानी में भारतीय युवा खिलाड़ी पाकिस्तान के खिलाफ अपनी जीत की लय बरकरार रख पाते हैं या गत चैंपियन पाकिस्तानी टीम बाजी मारती है।

Related Articles

Back to top button

mahjong ways

slot777