विश्व
भारत के उभार से डरा चीन! US रिपोर्ट में खुलासा- पाक और समंदर के रास्ते रच रहा घेराबंदी की साजिश
अमेरिकी कांग्रेस के एक पैनल ने अपनी नवीनतम वार्षिक रिपोर्ट में कहा है कि पिछले साल ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान को चीन का सैन्य समर्थन, भारत के उदय को दबाने की एक व्यापक रणनीति का हिस्सा था। पैनल ने चेतावनी दी है कि बीजिंग, नई दिल्ली के रणनीतिक प्रभाव को सीमित करने के लिए सीमा पर सैन्य दबाव, आर्थिक प्रतिबंधों और समुद्री विस्तार का इस्तेमाल कर रहा है। अमेरिका-चीन आर्थिक और सुरक्षा समीक्षा आयोग (USCC) ने चीन के बढ़ते क्षेत्रीय प्रभाव का मुकाबला करने के लिए वाशिंगटन और नई दिल्ली के बीच खुफिया, समुद्री और विनिर्माण (मैन्युफैक्चरिंग) क्षेत्रों में गहरे सहयोग का आह्वान किया है। रिपोर्ट में एशिया में शक्ति संतुलन तय करने और बीजिंग की रणनीतिक महत्वाकांक्षाओं को रोकने में भारत के महत्व पर भी जोर दिया गया है।
भारत और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में अमेरिकी रणनीति का भविष्य” शीर्षक वाले एक अध्याय में आयोग ने कहा कि इस्लामाबाद के साथ बीजिंग की बढ़ती सुरक्षा साझेदारी ने भारत के लिए ‘दो मोर्चों पर युद्ध’ (टू-फ्रंट वॉर) की संभावना को एक गंभीर चिंता बना दिया है। मई 2025 के भारत-पाकिस्तान संघर्ष का जिक्र करते हुए – जो जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए उस आतंकी हमले के बाद हुआ था जिसमें 26 लोग मारे गए थे। रिपोर्ट में कहा गया है कि भारत के ‘ऑपरेशन सिंदूर’ ने दिखाया कि कैसे चीन संकट के समय सीधे तौर पर लड़ाई में शामिल हुए बिना पाकिस्तान का समर्थन कर सकता है। आयोग के अनुसार, इस तरह का समर्थन पाकिस्तान के साथ भविष्य के किसी भी टकराव में भारत की सैन्य योजना को जटिल बना सकता है। इसमें आगे कहा गया है कि इस्लामाबाद के साथ चीन की विकसित होती सैन्य साझेदारी ने नई दिल्ली के लिए ‘दो मोर्चों पर युद्ध’ की स्थिति को एक अत्यंत गंभीर चिंता का विषय बना दिया है।



