अखिलेश ने AAP और CPI से की मुलाकात, CJP को लेकर भी बनी रणनीति!
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर सियासी गतिविधियां तेज होने लगी हैं। समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रमुख अखिलेश यादव ने संभावित गठबंधन और सीट बंटवारे की रणनीति के तहत पिछले दो दिनों में आम आदमी पार्टी (आप) के राज्यसभा सांसद संजय सिंह और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) लिबरेशन के महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य से अलग-अलग मुलाकात की। इन बैठकों में सीटों के बंटवारे के साथ-साथ चुनावी रणनीति पर भी चर्चा हुई।
अखिलेश यादव ने कांग्रेस के साथ सीट बंटवारे की औपचारिक बातचीत से पहले गुरूवार को भाकपा (माले) लिबरेशन के महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य और शुक्रवार को आप नेता संजय सिंह से मुलाकात की। सूत्रों के मुताबिक, चर्चा में ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (कॉजपा) के विरोध प्रदर्शनों से जुड़े प्रमुख चेहरों को विपक्ष के चुनाव प्रचार में शामिल करने की संभावना पर भी विचार किया गया।
कांग्रेस के बाद तय होगी सीटों की तस्वीर
फिलहाल आप और भाकपा (माले) लिबरेशन की बातचीत शुरुआती दौर में है। दोनों दलों की नजर सपा और कांग्रेस के बीच होने वाले सीट बंटवारे के समझौते पर है। माना जा रहा है कि कांग्रेस के साथ बातचीत पूरी होने के बाद ये दल अपने लिए कुछ सीटों की मांग रख सकते हैं। उनका तर्क हो सकता है कि कॉजपा आंदोलन से जुड़े चर्चित चेहरों को प्रचार में शामिल करने से सपा को चुनावी फायदा मिल सकता है।
कॉजपा के संस्थापक अभिजीत दीपके और संगठन के एक अन्य प्रमुख चेहरे आशुतोष रांका पहले आप के साथ काम कर चुके हैं। वहीं, भाकपा (माले) लिबरेशन की छात्र इकाई ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) की अध्यक्ष नेहा बोरा मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर हो रहे छात्र प्रदर्शनों का प्रमुख चेहरा बनी हैं।
भाकपा (माले) ने इंडिया गठबंधन को मजबूत करने पर दिया जोर
दीपांकर भट्टाचार्य ने शुक्रवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर बताया कि उन्होंने एक दिन पहले लखनऊ स्थित अखिलेश यादव के कार्यालय में उनसे मुलाकात की थी। इस दौरान भाकपा (माले) लिबरेशन के उत्तर प्रदेश सचिव सुधाकर यादव, पोलित ब्यूरो सदस्य रामजी राय और पार्टी के केंद्रीय मुख्यालय से एन. साई बालाजी भी मौजूद रहे।
भट्टाचार्य ने कहा कि बैठक में उत्तर प्रदेश की उभरती राजनीतिक परिस्थितियों का जायजा लिया गया। साथ ही इंडिया गठबंधन को मजबूत करने और राज्य में राजनीतिक बदलाव के लिए चुनाव को व्यापक जन-आंदोलन में बदलने के तरीकों पर चर्चा हुई। अखिलेश यादव ने भी मुलाकात की तस्वीरें साझा करते हुए इसे ‘विशेष मुलाकात’ बताया।
2022 में आप के साथ नहीं बन पाई थी बात
आप नेता संजय सिंह ने भी अखिलेश यादव के साथ बैठक को सार्थक बताया। उन्होंने कहा कि कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर बातचीत हुई और उन्होंने सपा प्रमुख को अपनी बेटी की शादी में शामिल होने का निमंत्रण भी दिया।
गौरतलब है कि आप विपक्षी गठबंधन इंडिया का हिस्सा नहीं है। संजय सिंह ने जुलाई 2025 में पार्टी के गठबंधन से अलग होने की घोषणा की थी। इससे पहले 2022 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भी आप और सपा के बीच संभावित गठबंधन को लेकर बातचीत हुई थी, लेकिन सीट बंटवारे पर सहमति नहीं बन सकी। इसके बाद आप ने अकेले चुनाव लड़ा था और उसे कोई सीट नहीं मिली थी।
कांग्रेस ने मांगी हैं 181 सीटें
अखिलेश यादव हाल ही में कह चुके हैं कि कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश की 403 विधानसभा सीटों में से 181 सीटों की मांग की है। हालांकि, सपा के सूत्रों ने इस मांग को अव्यावहारिक बताया है। दोनों दलों के बीच औपचारिक बातचीत अभी शुरू होनी बाकी है।
2024 के लोकसभा चुनाव में सपा और कांग्रेस ने मिलकर चुनाव लड़ा था। सीट बंटवारे के तहत कांग्रेस को 17 और सपा तथा उसके छोटे सहयोगी दलों को 63 सीटें मिली थीं। चुनाव में सपा ने 37 और कांग्रेस ने छह सीटों पर जीत दर्ज की थी, जबकि भाजपा के खाते में 33 सीटें आई थीं।



