PM मोदी की सुरक्षा में लखनऊ में 4400 पुलिसकर्मी तैनात, IGP छावनी में तब्दील; NSG ने संभाला मोर्चा
इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में शनिवार को पांचवें कौशल दीक्षांत समारोह का आयोजन किया गया है। इस समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे। प्रधानमंत्री के आगमन को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। समारोह में शामिल होने के लिए प्रधानमंत्री अमौसी एयरपोर्ट से सड़क मार्ग के जरिए पहुंचेंगे। कार्यक्रम स्थल से लेकर एयरपोर्ट तक सुरक्षा व्यवस्था को जोन और सेक्टर में बांटकर कुल 4400 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। सुरक्षा में एनएसजी, एटीएस, एसटीएफ, पीएसी और आरआरएफ के जवान भी मुस्तैद रहेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को विशेष विमान से अमौसी एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां से सुरक्षा फ्लीट के साथ निर्धारित सड़क मार्ग से इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित पांचवें कौशल दीक्षांत समारोह में शामिल होने जाएंगे। कार्यक्रम में राज्यपाल, मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, मंत्री, विधायक और अन्य आमंत्रित अतिथि भी शामिल होंगे। कार्यक्रम के बाद प्रधानमंत्री सड़क मार्ग से एयरपोर्ट पहुंचकर विशेष विमान से दिल्ली रवाना होंगे।
सुरक्षा की कमान संभालेंगे आठ डीसीपी
सुरक्षा व्यवस्था में आठ डीसीपी, 10 एडीसीपी और 34 एसीपी के अलावा 114 निरीक्षक, 946 उपनिरीक्षक, 108 महिला उपनिरीक्षक, 1967 मुख्य आरक्षी व आरक्षी और 423 महिला आरक्षी तैनात किए गए हैं। यातायात व्यवस्था संभालने के लिए 31 निरीक्षक, 140 उपनिरीक्षक और 619 मुख्य आरक्षी व आरक्षी लगाए गए हैं। इसके अलावा 11 कंपनी और दो प्लाटून पीएसी, दो कंपनी आरआरएफ, एनएसजी की एक टीम, एटीएस की तीन टीमें, एनएसजी का स्नाइपर एंटी ड्रोन सिस्टम और सुरक्षा शाखा की एंटी ड्रोन टीम भी तैनात रहेगी। सुरक्षा शाखा की तीन नाइट विजन टीमें और छह एक्सेस कंट्रोल टीमें भी सुरक्षा व्यवस्था का हिस्सा होंगी।
रूट की रिहर्सल, छतों पर पुलिसकर्मी तैनात
सुरक्षा ड्यूटी में लगाए गए पुलिसकर्मियों और प्रशासनिक अधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग कर ड्यूटी प्वाइंट, रूट प्लान और वीवीआईपी प्रोटोकॉल समझाया गया। रूट रिहर्सल, मेडिकल रिस्पांस और भीड़ प्रबंधन की मॉक ड्रिल भी की गई। महत्वपूर्ण संस्थानों की छतों पर पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। एंटी-सबोटाज टीम ने सघन चेकिंग की। पूरे कार्यक्रम क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरों से 24 घंटे निगरानी की जाएगी। सोशल मीडिया पर भी पुलिस की नजर रहेगी। अमौसी एयरपोर्ट से कार्यक्रम स्थल तक विशेष यातायात योजना लागू की गई है।



