श्रीलंका के राष्ट्रपति ने वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में पूजा की
तिरूपति। श्रीलंका के राष्ट्रपति मैत्रीपाला सिरीसेना ने तिरूमला पर्वत पर स्थित प्रसिद्ध भगवान वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में पूजा की। वर्ष 2015 में द्वीप देश के राष्ट्रपति बनने के बाद सिरीसेना तीसरी बार भगवान वेंकटेश के दर्शन को आए हैं।
तिरूमला में पूजा करने से पहले सिरीसेना ने मंदिर के वेदपाठियों द्वारा भोर में किये जाने वाले वेदोच्चारण ‘सुप्रभात’ में हिस्सा लिया। उनके साथ उनकी पत्नी जयंती पुष्पा कुमार और कुछ अधिकारी भी आए हैं।सिरीसेना कल बेंगलुरू से सड़क मार्ग से यहां पहुंचे।मंदिर की देखरेख करने वाली संस्था तिरूमला तिरूपति देवस्थानम के कार्यकारी अधिकारी ए. के. सिंघल ने पूजा के बाद श्रीलंका के राष्ट्रपति को रेशम का अंग वस्त्र, भगवान वेंकटेश्वर स्वामी की तस्वीर और प्रसाद भेंट किया।