फ्लैश न्यूज

Lucknow Women’s Cricket League: 23 सितंबर से सजेगा मैदान, ट्रॉफी और लोगो लॉन्च; जानें पूरा शेड्यूल और मैच डिटेल्स

 नवाबी नगरी में पहली बार आयोजित होने जा रही लखनऊ वुमन्स क्रिकेट लीग के लोगो और चमचमाती ट्रॉफी का गुरुवार को बीबीडी बैडमिंटन अकादमी के सभागार में अनावरण किया गया। लीग के चेयरमैन और सीएएल अध्यक्ष डॉ. नवनीत सहगल और सीएएल सचिव केएम खान ने लोगो और ट्रॉफी का अनावरण किया। खिलाड़ियों की नीलामी शुक्रवार को होगी।

लीग के चेयरमैन डॉ. नवनीत सहगल ने बताया कि लखनऊ की महिला क्रिकेटरों के लिए यह अपने तरह का पहला बड़ा आयोजन है। पहली बार पेशेवर रवैये के साथ महिला खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि लीग का आगाज 23 सितम्बर से होगा, जबकि 28 सितम्बर को फाइनल खेला जाएगा। छह टीमों के बीच होने वाली इस लीग के शुरुआती मुकाबले गोमती रिवर फ्रंट स्थित सेज क्रिकेट मैदान पर खेले जाएंगे। वहीं सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले केडी सिंह बाबू स्टेडियम में फ्लडलाइट में आयोजित होंगे।

140 खिलाड़ियों को मिलेगा मौका

लीग चेयरमैन ने बताया कि लीग के जरिए स्थानीय महिला क्रिकेटरों को प्रतिस्पर्धात्मक क्रिकेट का अनुभव मिलेगा। साथ ही उन्हें भविष्य में राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने के लिए मजबूत मंच उपलब्ध होगा। डे-नाइट टी-20 क्रिकेट के माध्यम से महिला खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा और खेल कौशल प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। लीग में करीब 140 खिलाड़ी, छह टीमें और 12 मुकाबले होंगे। कुल 480 ओवर के मुकाबलों के जरिए महिला क्रिकेटरों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा।

रेटेड खिलाड़ियों को 10 से 25 हजार रुपये

लीग में खेलने वाली रेटिंग क्रिकेटरों को 10 से 25 हजार रुपये तक दिए जाएंगे। रेटिंग खिलाड़ियों में इंडिया-ए के लिए खेल चुकी चांदनी शर्मा के अलावा ऑलराउंडर संध्या यादव, सोनाली सिंह, आरजू सिंह, अन्वेषा चटर्जी, बल्लेबाज अंशू तिवारी, शशिबालन, प्रियांशी यादव, प्रियांशी पाण्डेय, आयुषी श्रीवास्तव तथा गेंदबाज शिल्पी और संध्या क्षेत्री शामिल हैं। अन्य खिलाड़ियों का उनके स्तर के अनुसार तीन से पांच हजार रुपये तक बेस प्राइज रखा गया है।
ऐसा होगा लीग का प्रारूप

लीग के सभी मुकाबले 20-20 ओवर के होंगे। छह ओवर का पावरप्ले होगा। दोनों टीमों का स्कोर बराबर रहने पर परिणाम के लिए सुपर ओवर का सहारा लिया जाएगा। छह टीमों को दो पूलों में बांटा जाएगा और पूल चरण में लीग आधार पर मुकाबले होंगे। प्रत्येक पूल की शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई करेंगी। सेमीफाइनल की विजेता दोनों टीमें खिताबी मुकाबले में आमने-सामने होंगी। कार्यक्रम में सीएएल सचिव केएम खान, लीग के कमिश्नर एसपी मिश्रा, आयोजन सचिव और डिप्टी कमिश्नर प्रियंका शैली, आयोजन समिति के अध्यक्ष पीयूष पाण्डेय, संयुक्त सचिव नईम चिश्ती, वित्त समिति के राकेश सिंह सहित आयोजन समिति से जुड़े तमाम पदाधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button

mahjong ways

slot777