भारत
अब दूध के लिए ढीली करनी होगी जेब! मदर डेयरी के बाद पराग दूध भी हुआ महंगा, जानें कब से लागू होंगी नई दरें
मदर डेयरी के बाद राजधानी लखनऊ में पराग दूध की कीमतों में इजाफा किया गया है। दूध की लागत बढ़ने के चलते लखनऊ दुग्ध संघ ने कीमतों में संशोधन किया है। नई दरें 12 नवंबर की शाम से लागू होंगी। इसके बाद उपभोक्ताओं को पराग गोल्ड और टोंड दूध खरीदने के लिए अधिक कीमत चुकानी होगी।
गोल्ड दूध के दाम 4 रुपये प्रति लीटर बढ़े
नई दरों के मुताबिक, पराग गोल्ड दूध की कीमत एक लीटर के लिए 76 रुपये कर दी गई है। वहीं, 500 एमएल पैक अब 38 रुपये में मिलेगा। गोल्ड दूध पर चार रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है।
टोंड दूध भी हुआ महंगा
इसी तरह पराग टोंड दूध की कीमत भी बढ़ाई गई है। अब एक लीटर टोंड दूध 61 रुपये और 500 एमएल पैक 31 रुपये में मिलेगा। टोंड दूध के दाम में दो रुपये प्रति लीटर की वृद्धि की गई है। लखनऊ दुग्ध संघ के महाप्रबंधक ने कीमतों में बदलाव की जानकारी दी है।
नई दरों पर एक नजर
| दूध का प्रकार | पुरानी कीमत | नई कीमत |
|---|---|---|
| गोल्ड 1 लीटर | 72 रुपये | 76 रुपये |
| गोल्ड 500 एमएल | 36 रुपये | 38 रुपये |
| टोंड 1 लीटर | 59 रुपये | 61 रुपये |
| टोंड 500 एमएल | 30 रुपये | 31 रुपये |




