एनालिसिसफ्लैश न्यूज

आजादी से अपराधी तक…!! – पवन सिंह

“न बंदूक निकालो न तलवार निकालो
जब तोप मुकाबिल हो तो अखबार निकालो..”

मौजूदा वक्त में यह शेर अब एक गीदड़ की शक्ल अख्तियार कर चुका है..!! यह शेर अब खालिस तकिये कि रूई है ..उस पर सिर रखा जरूर है लेकिन उससे हासिल कुछ नहीं है..।

गोया 1857 की जंग के वक्त कलमकारों की धार और तोप की टंकार की जो “जुगलबंदी” शुरू हुई वह 1947 और उसके बाद भी करीब 60-70 दशकों तक चली…अपने उसूलों और शब्दभेदी बाणों के हमलों से लैस वह भी पत्रकारिता का एक दौर था और आज भी एक दौर है…। पत्रकारिता की वह गरिमा चित्रा-चित्रा (चिथड़ा-चिथड़ा) हो कर लियाकत ( हिंदी में अर्थ काबिलियत) को तार-तार कर देगी ऐसा कभी नहीं सोचा था..!! 1992 के बाद टी0वी0 जर्नलिज़्म का जो दौर शुरू हुआ और फिर धीरे-धीरे लवही जर्नलिज्म लाइट-कैमरा-एक्शन के दरम्यान सिमट गया..!! इसके बाद एथिक्स ने टायरनुमा शक्ल अख्तियार कर जो लुढ़कना शुरू किया, वह अपने पतन के भी नीचे सरक गया..!!!

लाइट-कैमरा-एक्शन से उपजे पत्रकार अगर किसी बाहुबली के परिवार की शादी के कार्ड को वीडियो बनाकर बांचने लगें…बांचते-बांचते अगर उस पर गौरवान्वित भी होने लगें तब स्वीकार कर चाहिए कि पत्रकारिता की दसवां-तेरहवीं का वक्त आ गया है…बस श्राद्ध करना शेष है।

हालांकि हमारे अपने शहर के कुछ नामा-निगार (पत्रकार/संवाददाता) जब 26 जनवरी/15अगस्त को राजभवन से आए हुए आमंत्रण कार्ड की फोटो सार्वजनिक कर, यह बताने व जताने की कोशिश करने लगें कि वे कितने वीआईपी हैं, तो भी लिखने को कुछ शेष रह नहीं जाता है…!!

हमारे एक पत्रकार साथी ने एक 15 लाख प्लस में एसयूवी खरीदी और सबको फेसबुक पर टैग कर मारा…मैंने भी बधाई दी और पूछा टैक्सी में चलाओगे क्या.? बोले क्यों..? मैंने जवाब दिया कि तुमने एसयूवी खरीदी को सार्वजनिक किया है, हो सकता है उसे टैक्सी में चलाने का इरादा हो….!! खैर ये मित्र कुछ महीनों बाद भैंस खरीद लाए… इत्तिफाक से मैं गांव जा रहा था तो रास्ते में उनका गांव पड़ता है, फोन किया तो पता चला कि हुजूर- ए-आला गांव में ही हैं…मैंने गाड़ी घुमवाई उनके घर पहुंच गया …वो दिखाने लगे कि पवन भाई ये मुर्रा भैंस हरियाणा से खरीदी है..!! मैंने मजाक में कहा तब तो ये HR-32, A**…होगी …बोले नहीं अब UP-33 A** है…मैंने कहा इसकी फोटो नहीं डाली….

भाई को अपनी ग़लती का एहसास हुआ … उन्होंने अपना मोबाइल निकाला. खचैक से भैंसिया की फोटो डाली…! कैप्शन लिखा-आज गांव में…एक नई भैंस लाया…!! फोटू खीचने से पहले अपनी एसयूवी भी भैंस के बगल में ला खड़ी की…क्या कांबिनेशन…
“काली एसयूवी -काली भैंस…” लाइक्स और कमेंट्स आने लगे…!!!

जर्नलिज्म मौजूदा दौर में चंदन का टीका लगाकर हिमालय की सर्वोच्च चोटी पर चढ़ा बैठा है और अपनी मूर्खताओं पर अभिभूत है…!!! एक पत्रकार तो उत्तर प्रदेश सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, लखनऊ द्वारा होली-दिवाली मिलने वाला मुख्यमंत्री की फोटो लगा डिब्बा भी पोस्ट कर देते हैं…!! “हर साल की तरह इस साल भी मुख्यमंत्री जी द्वारा….”

कुछ पत्रकार 26 जनवरी के वीवीआईपी परेड पास भी फेसबुक पर दे मारते हैं ताकि रिश्तेदार, पड़ोसी, गांव-गेरांव के लोग जान जाएं भैया हल्के फुल्के आदमी नहीं हैं…!! भैया का जलवा बा…!!

खैर संदर्भ यह है कि अब अगर चकाचौंध जर्नलिज्म के स्वनामधन्य “खबरांग्य बहादुर” और “खबराग्नाएं” बाहुबलियों के पारिवारिक आयोजनों के कार्ड भी बांचने लगेंगे/लगेंगी तब तो बेहतर है कि गौ-पालन और बलिनी दुग्ध योजना के तहत एक गाय, एक भैंसिया पालो….दूध बेंचों…मस्त खाओ व पियो…।नीम के पेड़ के नीचे चरपैइय्या डाल कर सो जाओ…!! पंडित जी ने बताया है कि पत्रकारिता करो…!!!

राहत इंदौरी साहेब का एक खूबसूरत शेर पेश-ए-खिद्मत है-

“दरबदर जो थे, वो दीवारों के मालिक हो गए,”
“मेरे सब दरबान, दरबारों के मालिक हो गए,”
“लफ़्ज़ गूँगे हो चुके, तहरीर अंधी हो चुकी,”
“जितने मुखबिर थे, वो अख़बारों के मालिक हो गए।”

Related Articles

Back to top button

mahjong ways

slot777