स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 :स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26: देश के तीन सबसे स्वच्छ बड़े शहरों में लखनऊ, वाराणसी और गाजियाबाद ने भी बढ़ाया यूपी का मान
नई दिल्ली में आयोजित स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 के राष्ट्रीय सम्मान समारोह में उत्तर प्रदेश ने नगरीय स्वच्छता एवं प्रबंधन के क्षेत्र में शानदार प्रदर्शन करते हुए देशभर में अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित की है। इस अवसर पर महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उत्तर प्रदेश के उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रदेश के शहरों को राष्ट्रीय सम्मान से नवाजा।
भारत सरकार के इस प्रतिष्ठित सर्वेक्षण में उत्तर प्रदेश के शहरों को मिली शानदार उपलब्धियों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने इसे बदलते नगरीय स्वरूप, बेहतर प्रबंधन और सामूहिक प्रयासों का ऐतिहासिक परिणाम बताया है। उन्होंने कहा कि पूर्वांचल से पश्चिमांचल तक उत्तर प्रदेश के नगर स्वच्छता, सुंदरता और सुव्यवस्थित नगरीय प्रबंधन के क्षेत्र में अपनी नई पहचान स्थापित कर रहे हैं, जो पूरे प्रदेश के लिए गौरव का विषय है।
इस वर्ष के सर्वेक्षण परिणामों की घोषणा करते हुए मंत्री शर्मा ने बताया कि नवाबों की नगरी लखनऊ ने देश के तीन सबसे स्वच्छ बड़े शहरों में अपना स्थान मजबूती से बरकरार रखा है। वहीं, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक नगरी वाराणसी ने देश के तीन सर्वश्रेष्ठ नदी तटीय नगरों (गंगा टाउन) में स्थान प्राप्त कर वैश्विक पटल पर अपनी विशिष्ट पहचान को और मजबूत किया है। इसके साथ ही औद्योगिक हब गाजियाबाद इस बार प्रदेश के सबसे स्वच्छ नगर के रूप में उभरकर सामने आया है।
नगर विकास मंत्री ने व्यक्त किया आभार
नगर विकास मंत्री ने इन राष्ट्रीय कीर्तिमानों के लिए माननीय राष्ट्रपति जी के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह सम्मान केवल शहरों का नहीं, बल्कि रात-दिन जमीनी स्तर पर जुटे लाखों सफाई मित्रों, नगर निगमों, नगर पालिकाओं, नगर पंचायतों के कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों के अथक परिश्रम व समर्पण का प्रतिफल है। समारोह के दौरान उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने के लिए लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल, प्रमुख सचिव पी. गुरु प्रसाद, सचिव व निदेशक नगरीय निकाय अनुज कुमार झा, तथा नगर आयुक्त गौरव कुमार सहित कई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।




