Kashmir में Pakistan की तिहरी साजिश! दो SPO की हत्या, CRPF Team पर हमला, पाकिस्तानी Drone बरामद, अब मिलेगा करारा जवाब
जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद के खिलाफ भारत की निर्णायक लड़ाई के बीच पिछले कुछ घंटों में सामने आई तीन घटनाओं ने पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद की नई साजिशों को उजागर कर दिया है। किश्तवाड़ में दो स्पेशल पुलिस ऑफिसर्स (SPO) की गोलियों से छलनी लाशें मिलना, कुलगाम में CRPF के जवानों पर आतंकियों की गोलीबारी और अब सांबा में अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास संदिग्ध पाकिस्तानी ड्रोन की बरामदगी की घटनाएं बताती हैं कि पाकिस्तान अपनी नापाक हरकतों से बाज आने को तैयार नहीं है। कभी आतंकियों को भेजकर, कभी सुरक्षा बलों को निशाना बनाकर और कभी ड्रोन के जरिए सीमा पार से संदिग्ध गतिविधियों को अंजाम देकर जम्मू-कश्मीर में अशांति फैलाने की कोशिश लगातार जारी है।
सबसे पहले किश्तवाड़ की घटना को देखिए। डाच्छन-मरवाह इलाके में ड्यूटी के दौरान लापता हुए दो SPO रशपाल कुमार और बाबी चंद के शव गुरुवार को बरामद किए गए। दोनों के शरीर पर गोलियों के निशान थे। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, हमलावर उनकी हत्या करने के बाद उनके हथियार भी अपने साथ ले गए। यह घटना बताती है कि आतंकियों के निशाने पर अब केवल सेना और अर्धसैनिक बल ही नहीं, बल्कि जम्मू-कश्मीर पुलिस से जुड़े स्थानीय सुरक्षाकर्मी भी हैं। स्थानीय सुरक्षा तंत्र को कमजोर करने और दहशत फैलाने की यह कोशिश बेहद गंभीर है।
दूसरी तरफ, दक्षिण कश्मीर के कुलगाम में बुधवार को आतंकियों ने CRPF के नाके पर हमला कर दिया। मीर बाजार के निकट अखरान इलाके में दो हथियारबंद हमलावरों ने जवानों पर गोलियां चलाईं। हमले में CRPF के तीन जवान राकेश दास, संतोष चंद्रू और सोमवीर सिंह घायल हुए। एक जवान की हालत गंभीर बताई गई थी। हालांकि, बाद की जानकारी के अनुसार तीनों जवान खतरे से बाहर हैं। हमलावर जंगल की तरफ भाग निकले, जिसके बाद सुरक्षा बलों ने इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया। घटनास्थल से एक मोबाइल फोन और सिम कार्ड भी बरामद हुआ है।
इन दोनों घटनाओं के बीच आज यानि 12 नवंबर को जम्मू के सांबा जिले से आई तीसरी खबर ने सीमा पार की गतिविधियों को लेकर चिंता बढ़ा दी। अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास BSF ने एक संदिग्ध पाकिस्तानी ड्रोन बरामद किया। अधिकारियों के मुताबिक, तड़के सीमा पार से ड्रोन जैसी गतिविधि दिखाई देने के बाद BSF ने अपना एंटी-ड्रोन सिस्टम सक्रिय किया और इलाके में तलाशी अभियान चलाया। इसी दौरान ललफामकिमा बॉर्डर आउटपोस्ट के पास एक कृषि भूमि से ड्रोन बरामद हुआ। यह स्थान अंतरराष्ट्रीय सीमा से करीब 800 मीटर दूर है।
बरामद ड्रोन की पहचान DJI Matrice 300 RTK के रूप में हुई है। हालांकि, उसके साथ कोई सामान या पेलोड नहीं मिला। ड्रोन को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है, ताकि उसके वास्तविक स्रोत, मालिक और संभावित उड़ान मार्ग का पता लगाया जा सके। यानी फिलहाल उसके पाकिस्तानी मूल और इस्तेमाल की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। लेकिन सीमा पार से संदिग्ध ड्रोन गतिविधि और उसके बाद भारतीय क्षेत्र में उसकी बरामदगी सुरक्षा एजेंसियों के लिए गंभीर मामला है।
वैसे यह पहली बार नहीं है जब सांबा में पाकिस्तानी ड्रोन के जरिए हथियार या नशीले पदार्थ भेजने की आशंका सामने आई है। जनवरी 2026 में इसी जिले के पालूरा गांव में ड्रोन के जरिए गिराई गई संदिग्ध हथियारों की खेप बरामद हुई थी। इसमें दो पिस्तौल, तीन मैगजीन, 16 कारतूस और एक चीनी हैंड ग्रेनेड शामिल था। ऐसे मामलों से स्पष्ट है कि सीमा पार से ड्रोन का इस्तेमाल केवल निगरानी के लिए ही नहीं, बल्कि हथियारों और नशीले पदार्थों की तस्करी के लिए भी किया जाता रहा है।
दरअसल, सर्दियों की शुरुआत से पहले जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा एजेंसियों की चुनौतियां बढ़ जाती हैं। भारी बर्फबारी के बाद नियंत्रण रेखा के कई पारंपरिक घुसपैठ मार्ग बंद हो जाते हैं। यही वजह है कि बर्फबारी से पहले आतंकियों की घुसपैठ कराने, सीमा पार से हथियार पहुंचाने और घाटी में सक्रिय आतंकी नेटवर्क को मजबूत करने की कोशिशों का खतरा बढ़ जाता है। देखा जाये तो पाकिस्तान की रणनीति का मकसद हमेशा कश्मीर में शांति और सामान्य होती जिंदगी को पटरी से उतारना और आतंक के जरिए भारत पर दबाव बनाने की नाकाम कोशिश करना रहता है।
लेकिन पाकिस्तान को समझ लेना चाहिए कि भारत की सुरक्षा व्यवस्था अब पहले से कहीं अधिक मजबूत और आधुनिक है। BSF सीमा पर ड्रोन गतिविधियों पर नजर रख रही है, सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस संयुक्त अभियान चला रही हैं और CRPF आतंकियों के हर हमले का जवाब देने के लिए मुस्तैद है। खुफिया तंत्र, आधुनिक निगरानी उपकरण और एंटी-ड्रोन तकनीक के जरिए सीमा पार की साजिशों को नाकाम करने की क्षमता लगातार मजबूत हुई है।
हम आपको यह भी बता दें कि कुलगाम हमले के पीछे लश्कर-ए-तैयबा और उसके प्रॉक्सी नेटवर्क TRF से जुड़े आतंकियों की भूमिका की जांच हो रही है। सुरक्षा एजेंसियों के निशाने पर मोहम्मद लतीफ भट भी है, जिसकी तलाश तेज कर दी गई है। आतंकियों और उनके आकाओं को समझ लेना चाहिए कि भारत की संप्रभुता, सुरक्षा और सांस्कृतिक स्वाभिमान को बंदूक की नोक पर चुनौती देने का अंजाम केवल और केवल करारा जवाब होगा। पाकिस्तान में बैठे आतंक के आकाओं से लेकर घाटी में उनके इशारे पर गोलियां चलाने वाले आतंकियों तक, हर साजिश का हिसाब लिया जाएगा। CRPF, भारतीय सेना, BSF और जम्मू-कश्मीर पुलिस पूरी तरह सतर्क हैं। जवानों पर हमला करने वाले आतंकी अब कहीं भी छिपकर सुरक्षित नहीं रह सकते। भारत आतंक के सामने झुकेगा नहीं, बल्कि आतंक के पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करके ही दम लेगा।



