राज्यपाल की अध्यक्षता में डॉ० शकुन्तला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय की समीक्षा बैठक सम्पन्न
उत्तर प्रदेश की राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल की अध्यक्षता में आज जन भवन, लखनऊ में डॉ० शकुंतला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में राज्यपाल जी ने विश्वविद्यालय की विभिन्न व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए छात्रावास व्यवस्था को सुदृढ़ करने, अध्यापकों के पदोन्नति संबंधी प्रकरणों की स्थिति तथा विद्यार्थियों को कौशलयुक्त एवं रोजगारपरक शिक्षा प्रदान करने पर विशेष बल दिया। उन्होंने खेल गतिविधियों को प्रोत्साहित करने तथा सभी संकायों में कार्यरत अध्यापकों एवं विद्यार्थियों की संख्या की जानकारी प्राप्त कर आवश्यक निर्देश दिए।
राज्यपाल जी ने कहा कि विश्वविद्यालय दिव्यांगजन विद्यार्थियों के लिए विशेष रूप से स्थापित है। इस संदर्भ में सामान्य विद्यार्थियों की तुलना में दिव्यांग विद्यार्थियों की कम संख्या पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि उनके नामांकन में वृद्धि हेतु प्रभावी प्रयास किए जाएं। राज्यपाल जी ने विश्वविद्यालय परिसर को स्वच्छ बनाए रखने तथा निर्माणाधीन कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में ‘समर्थ पोर्टल’ के माध्यम से प्रवेश, परीक्षा परिणाम, छात्रावास आवंटन एवं अध्यापकों के वेतन आदि से संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी प्रस्तुत की गई। राज्यपाल जी को यह भी अवगत कराया गया कि विश्वविद्यालय द्वारा अन्य संस्थानों के साथ हुए एमओयू के माध्यम से दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए आवश्यक उपकरणों एवं कंप्यूटर आदि की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है।
उन्होंने छात्रावास आवंटन प्रक्रिया को पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित बनाने, शिक्षकों के कार्यघंटों, कार्यशालाओं एवं अन्य शैक्षणिक गतिविधियों को अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया। साथ ही उपलब्ध संसाधनों एवं वित्तीय सहायता का समुचित उपयोग करते हुए विश्वविद्यालय में सुविधाओं का विस्तार करने के निर्देश दिए। राज्यपाल ने कहा कि वित्तीय वर्ष में प्राप्त अनुदान एवं सी0एस0आर0 फंड का उपयोग छात्रहित में प्राथमिकता के आधार पर किया जाए।
राज्यपाल जी ने कक्षाओं में विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने, विश्वविद्यालय की उपलब्धियों एवं सुविधाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा रिक्त सीटों को भरने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नवाचार, समर्पण एवं गुणवत्ता आधारित शिक्षा के माध्यम से विद्यार्थियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराना विश्वविद्यालय की प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जब संकल्प किया जाता है, तो परिणाम अवश्य मिलता है।
बैठक में विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों, शोध प्रकाशनों, प्लेसमेंट उपलब्धियों, सामाजिक सहभागिता एवं नवाचारों की भी समीक्षा की गई। राज्यपाल ने दिव्यांग विद्यार्थियों को सरकारी एवं निजी क्षेत्रों में रोजगार योग्य बनाने हेतु कौशल विकास पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
विश्वविद्यालय द्वारा ब्रेल पुस्तकों एवं अन्य शिक्षण सामग्री की उपलब्धता, आर्टिफिशियल लिम्ब्स एवं अन्य सहायक उपकरणों के निर्माण तथा ऑडियोलॉजिकल मूल्यांकन जैसी सुविधाओं की जानकारी भी प्रस्तुत की गई। राज्यपाल जी ने निर्देश दिया कि दिव्यांग जनों हेतु विश्वविद्यालय में विकसित उपकरणों की पीपीटी तैयार कर अन्य संस्थानों में उनका व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंदों को लाभ मिल सके।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप कक्षाओं में शिक्षक-विद्यार्थी अनुपात सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, विश्वविद्यालय के पास नैक मूल्यांकन हेतु कई श्रेष्ठ प्रथाएं एवं नवाचार उपलब्ध हैं, जिन्हें नैक प्रस्तुतिकरण में प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया जाना चाहिए।
बैठक में विशेष कार्य अधिकारी (शिक्षा) श्री पंकज एल. जानी, विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर संजय सिंह, विभिन्न संकायों के डीन, विभागाध्यक्ष, प्राध्यापक सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
संपर्क सूत्र
दिलशाद अहमद-सूचना अधिकारी/राजभवन
मो. 9696185895



