भारत

राष्ट्रीय खेल पुरस्कार 2025 : तेजस्विन शंकर और दिव्या देशमुख समेत 15 खिलाड़ियों को अर्जुन पुरस्कार, राष्ट्रपति ने किया सम्मानित

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने शुक्रवार को राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में राष्ट्रीय खेल पुरस्कार 2025 प्रदान किए। डेकाथलॉन एथलीट तेजस्विन शंकर और फिडे महिला विश्व कप विजेता दिव्या देशमुख समेत 15 खिलाड़ियों को अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया गया। वहीं, अनुभवी फुटबॉलर इसायाह अरुमाइनयागम को अर्जुन पुरस्कार (लाइफटाइम) दिया गया।

तेजस्विन और दिव्या ने रचा इतिहास

तेजस्विन शंकर ने कॉमनवेल्थ गेम्स की डेकाथलॉन स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर इतिहास रचा था। वह इस स्पर्धा में पदक जीतने वाले पहले भारतीय एथलीट बने थे। वहीं, दिव्या देशमुख ने फिडे महिला विश्व कप 2025 का खिताब जीतकर देश को गौरवान्वित किया। वह यह प्रतिष्ठित खिताब जीतने वाली पहली भारतीय महिला बनीं। बाकू में खेले गए फाइनल मुकाबले में दिव्या ने रैपिड टाई-ब्रेक में भारत की दिग्गज खिलाड़ी कोनेरू हम्पी को 1.5-0.5 से हराकर खिताब अपने नाम किया था।

इन खिलाड़ियों को मिला अर्जुन पुरस्कार

अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित होने वाले अन्य खिलाड़ियों में ट्रैक एंड फील्ड एथलीट मुहम्मद अजमल वरियाथोडी, रेस वॉकर प्रियंका गोस्वामी, मुक्केबाज नरेंद्र, शतरंज खिलाड़ी विदित संतोष गुजराती, पैरा शूटर धनुष श्रीकांत, हॉकी खिलाड़ी लालरेमसियामी ह्मार्जोर्ट और राजकुमार पाल शामिल हैं।

इसके अलावा कबड्डी खिलाड़ी सुरजीत और पूजा, पैरा शूटर रुद्रांश खंडेलवाल, पैरा एथलीट एकता भ्यान, रोवर अरविंद सिंह और शूटर अखिल श्योराण को भी अर्जुन पुरस्कार प्रदान किया गया। भारतीय महिला बैडमिंटन की जोड़ी त्रिशा जॉली और पुलेला गायत्री गोपीचंद समारोह में शामिल नहीं हो सकीं। दोनों जापान मास्टर्स टूर्नामेंट के लिए जापान में हैं।

पांच को द्रोणाचार्य पुरस्कार

खेलों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले कोचों को द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इनमें एथलेटिक्स कोच परवीर सिंह, बॉक्सिंग कोच छोटे लाल यादव और धर्मेंद्र सिंह यादव, शूटिंग कोच नेहा नंदकुमार चव्हाण तथा कुश्ती कोच वीरेंद्र कुमार शामिल हैं। द्रोणाचार्य पुरस्कार उन प्रशिक्षकों को दिया जाता है, जिन्होंने खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के लिए तैयार करने में उल्लेखनीय योगदान दिया है।

साहसिक खेलों के इन खिलाड़ियों को मिला सम्मान

बलजीत कौर और स्कलजांग रिग्जिन को लैंड एडवेंचर, रिमो साहा को वॉटर एडवेंचर और शिव प्रसाद चमोली को लाइफटाइम अचीवमेंट श्रेणी में तेनजिंग नोर्गे राष्ट्रीय साहसिक पुरस्कार 2024 से सम्मानित किया गया। यह पुरस्कार लैंड, वॉटर और एयर एडवेंचर के साथ लाइफटाइम अचीवमेंट की चार श्रेणियों में दिए जाते हैं। इनका उद्देश्य साहसिक खेलों में उत्कृष्ट उपलब्धियों को पहचान देना और सहनशक्ति, जोखिम उठाने की क्षमता, टीमवर्क तथा कठिन परिस्थितियों में निर्णय लेने की भावना को प्रोत्साहित करना है।

आर्मी पैरालंपिक नोड को राष्ट्रीय खेल प्रोत्साहन पुरस्कार

पुणे स्थित आर्मी पैरालंपिक नोड को राष्ट्रीय खेल प्रोत्साहन पुरस्कार प्रदान किया गया। लेफ्टिनेंट कर्नल दलजीत सिंह ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के हाथों यह सम्मान ग्रहण किया। यह पुरस्कार उन कॉरपोरेट संस्थाओं और गैर-सरकारी संगठनों को दिया जाता है, जिन्होंने खेलों को बढ़ावा देने और उनके विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया हो।

एक साल से ज्यादा की देरी से हुआ समारोह

राष्ट्रीय खेल पुरस्कार हर साल खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन और योगदान को मान्यता देने के लिए प्रदान किए जाते हैं। वर्ष 2025 के पुरस्कार विजेताओं की अंतिम सूची खेल मंत्रालय ने 18 अगस्त को जारी की थी। यह सूची भारत के सर्वोच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश जस्टिस (सेवानिवृत्त) अरुण कुमार मिश्रा की अध्यक्षता वाली चयन समिति की सिफारिशों के आधार पर तैयार की गई थी। इस साल पुरस्कारों के लिए बड़ी संख्या में आवेदन प्राप्त हुए थे। चयन समिति में जाने-माने खिलाड़ियों के साथ खेल पत्रकारिता और खेल प्रशासन से जुड़े विशेषज्ञ भी शामिल थे।

गौरतलब है कि इस बार पुरस्कार समारोह एक साल से अधिक की देरी से आयोजित हुआ। आमतौर पर राष्ट्रीय खेल पुरस्कार 29 अगस्त को दिए जाते हैं। यह दिन हॉकी के जादूगर कहे जाने वाले मेजर ध्यानचंद की जयंती के रूप में मनाया जाता है। हालांकि, ओलंपिक, कॉमनवेल्थ और एशियन गेम्स वाले वर्षों में समारोह की तारीख इन प्रतियोगिताओं के समापन और राष्ट्रपति सचिवालय से परामर्श के आधार पर तय की जाती है।

Related Articles

Back to top button

mahjong ways

slot777