राज्य

नहाय-खाय से आज गूंजेगा छठी मइया का जयकारा, ढाई दर्जन घाटों पर सजेगा आस्था का दरबार

‘केलवा के पात पर उगेलन सूरजमल, हे छठी मइया…’ जैसे लोकगीतों के बीच डूबते सूरज को अर्घ्य और उगते सूर्य को नमन करने की परंपरा के साथ आस्था का महापर्व छठ शुक्रवार से नहाय-खाय के साथ शुरू होगा। घरों में शुद्धता और सात्विकता का विशेष ध्यान रखा जाएगा तो घाटों पर छठी मइया के स्वागत की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। लोकगीतों की मिठास, दीपों की रोशनी और व्रती महिलाओं की अटूट श्रद्धा से अगले चार दिनों तक पूरा जिला भक्तिमय माहौल में सराबोर रहेगा। महापर्व को लेकर गुरुवार को शहर से लेकर गांवों तक बाजारों में रौनक रही। सूप, दउरा, फल और पूजन सामग्री की दुकानों पर खरीदारों की भीड़ उमड़ी। सरयू नदी और तालाबों के किनारे बने घाटों पर साफ-सफाई और सजावट का काम चलता रहा।

जिले में करीब ढाई दर्जन घाटों पर छठ पूजा की तैयारियां की गई हैं। पूर्वांचल का यह पर्व पिछले करीब 15 वर्षों में जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में भी व्यापक रूप से मनाया जाने लगा है। शहर में नागेश्वर नाथ मंदिर, आवास विकास स्थित बड़ा पार्क, रामजानकी मंदिर, गांधी आश्रम, चिलहटा घाट, पुलिस लाइन, आलापुर और सतोखर तालाब समेत कई स्थानों पर पूजा के लिए घाट सजाए गए हैं। वहीं टिकैतनगर क्षेत्र में सरयू नदी के तेलवारी घाट के अलावा रामनगर, निंदूरा, मसौली और बड़ागांव घाट पर भी बड़ी संख्या में व्रती महिलाएं और श्रद्धालु जुटेंगे।

चार दिवसीय पर्व के दौरान व्रती महिलाएं संतान की सुख-समृद्धि, परिवार की खुशहाली और मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए कठिन निर्जला व्रत रखेंगी। शाम को डूबते सूर्य और अगले दिन उगते सूर्य को अर्घ्य देकर पूजा संपन्न होगी। घाटों पर गूंजने वाले छठ गीतों और पारंपरिक अनुष्ठानों के बीच श्रद्धा का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। महापर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन भी सतर्क है। एसपी रवीना त्यागी ने बताया कि घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

डीएम ईशान प्रताप सिंह ने बताया कि सभी चिह्नित घाटों पर रंग-रोगन और साफ-सफाई कराकर पूजा के लिए तैयार किया गया है। श्रद्धालुओं को किसी तरह की असुविधा न हो, इसके लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।

चार दिनों तक चलेगा छठ महापर्व

छठ महापर्व की शुरुआत शुक्रवार को नहाय-खाय से होगी। पहले दिन सूर्योदय सुबह 6:07 बजे और सूर्यास्त शाम 5:19 बजे होगा। व्रती महिलाएं पवित्र नदियों और तालाबों में स्नान कर सात्विक भोजन के साथ व्रत शुरू करेंगी। शनिवार को खरना होगा। इस दिन महिलाएं निर्जला व्रत रखकर शाम को मिट्टी के चूल्हे पर आम की लकड़ी से गुड़ की खीर और घी से बनी रोटी तैयार कर प्रसाद ग्रहण करेंगी। रविवार को तीसरे दिन परिवार के साथ घाटों पर पहुंचकर डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा। वहीं सोमवार को उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय महापर्व का समापन और 36 घंटे के निर्जला व्रत का पारण होगा।

मजबूत होता है सामाजिक जुड़ाव

छठ महापर्व परिवार ही नहीं, पूरे समाज को एक सूत्र में बांधने का पर्व है। सूर्य देव की आराधना से सुख-समृद्धि की कामना करते हैं। इस पर्व की हर छोटी-बड़ी तैयारी में ही हमारी खुशियां और आस्था जुड़ी होती हैं।
-सौरभ, छठ व्रत

बेसब्री से रहता है इंतजार

छठ महापर्व को लेकर पूरे साल उत्सुकता बनी रहती है। पर्व नजदीक आते ही घरों में पकवानों की महक और घाटों पर सजावट उत्सव का माहौल बना देती है। यह पर्व केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं, बल्कि हमारी परंपराओं, लोकसंस्कृति और आपसी जुड़ाव की पहचान भी है।

Related Articles

Back to top button

mahjong ways

slot777