UP Assembly Election 2027: दिसंबर से यूपी में चुनावी मोड में आएगी भाजपा, अमित शाह संभालेंगे शुरुआती कमान
उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव भले ही अभी दूर हों, लेकिन BJP ने मिशन-2027 की तैयारियां तेज करनी शुरू कर दी हैं। पर्व-त्योहारों का सिलसिला खत्म होने के बाद दिसंबर से पार्टी प्रदेश में चुनावी गतिविधियों को गति देने की तैयारी में जुटी हुई है। इस बार प्रदेश नेतृत्व के साथ केंद्रीय नेताओं की भी सक्रिय भागीदारी रहेगी। इसके लिए PM नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत कई वरिष्ठ नेताओं के कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की जा रही है।
पार्टी की रणनीति शुरुआती दौर में बड़ी रैलियों के बजाय संगठन को मजबूत करने पर केंद्रित है। इसके तहत संगठनात्मक बैठकें, कार्यकर्ताओं से संवाद, चौपाल और बूथ प्रबंधन से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में यूपी में अपनी सक्रियता बढ़ाने के संकेत दिए थे। अब प्रदेश नेतृत्व उनके साथ PM मोदी और अन्य केंद्रीय नेताओं के दौरों की तैयारी में जुटा है।
सूत्रों के मुताबिक, यूपी में चुनावी तैयारियों की शुरुआती कमान अमित शाह संभाल सकते हैं। उनके इस महीने भी प्रदेश आने और संगठन के माइक्रो मैनेजमेंट को लेकर बैठकें करने की तैयारी है। इन बैठकों में जिला, मंडल और बूथ स्तर के पदाधिकारियों के साथ संवाद कर संगठन की तैयारियों की समीक्षा की जाएगी। दिसंबर से शाह प्रदेश में अधिक सक्रिय रहेंगे।
उनके दौरों के बाद PM नरेंद्र मोदी के कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की जाएगी। इसके साथ ही अन्य केंद्रीय नेताओं के प्रवास और बैठकों का सिलसिला भी शुरू होगा। इन कार्यक्रमों के जरिए संगठन को चुनावी मोड में लाने के साथ प्रदेश के राजनीतिक हालात और कार्यकर्ताओं की तैयारियों का जायजा लेने की योजना है।
पहले चरण में अमित शाह की बैठकों और चौपालों पर जोर
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के कार्यक्रमों के साथ ही दिल्ली के वरिष्ठ नेताओं के यूपी दौरे शुरू करने की तैयारी है। शुरुआती चरण में शाह की संगठनात्मक बैठकों और चौपालों पर फोकस रहेगा। इन कार्यक्रमों में संगठन और सरकार के कामकाज के साथ चुनावी तैयारियों की भी समीक्षा की जाएगी।
भाजपा की चुनावी रणनीति में अमित शाह की भूमिका अहम मानी जाती है। ऐसे में उनके प्रस्तावित दौरों के जरिए प्रदेश संगठन को चुनावी तैयारियों की दिशा देने और जमीनी स्तर पर कामकाज का आकलन करने की योजना है।
दूसरे चरण में प्रधानमंत्री मोदी के कार्यक्रमों की तैयारी
केंद्रीय नेतृत्व के अभियान के दूसरे चरण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम प्रस्तावित किए जाएंगे। पार्टी की योजना है कि पहले संगठनात्मक स्तर पर तैयारियां पूरी की जाएं और इसके बाद प्रधानमंत्री की सभाओं और संवाद कार्यक्रमों के जरिए अभियान को व्यापक रूप दिया जाए।
हालांकि, प्रधानमंत्री के कार्यक्रमों की तारीख और स्थान अभी तय नहीं हुए हैं। इनका निर्धारण संगठनात्मक तैयारियों और आगे की रणनीति के आधार पर किया जाएगा।
बड़ी रैलियों से पहले बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करेगी भाजपा
भाजपा फिलहाल बड़े स्तर पर जनसभाएं आयोजित करने के बजाय संगठन को मजबूत करने पर ध्यान दे रही है। शुरुआती दौर में बैठकों और चौपालों के माध्यम से कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों से संपर्क बढ़ाने की कोशिश होगी।
इस कवायद का उद्देश्य बूथ स्तर पर संगठन की सक्रियता बढ़ाना, स्थानीय राजनीतिक समीकरणों को समझना और चुनाव से पहले सामने आने वाली चुनौतियों की पहचान करना है। पार्टी की योजना है कि दिसंबर से शुरू होने वाली संगठनात्मक गतिविधियों के जरिए आगे के बड़े चुनावी कार्यक्रमों के लिए आधार तैयार किया जाए।



