17,542 करोड़ के टेंडर में खेल? पवन खेड़ा ने योगी सरकार को घेरा, छह कंपनियों पर कार्टेल का आरोप
उत्तर प्रदेश में एक्सप्रेसवे निर्माण के टेंडर को लेकर सियासी घमासान शुरू हो गया है। कांग्रेस ने योगी सरकार पर 17,542 करोड़ रुपये की परियोजनाओं के ठेकों में बड़े पैमाने पर अनियमितता और छह कंपनियों के बीच कथित कार्टेल बनाकर ठेकों का बंटवारा करने का आरोप लगाया है। कांग्रेस के मीडिया एवं प्रचार विभाग के अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद पवन खेड़ा ने शुक्रवार को लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने चार लिंक एक्सप्रेसवे के सात पैकेजों की निविदा प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए सभी ठेके तत्काल रद्द करने की मांग की।
सात पैकेजों के टेंडर में मिलीभगत का आरोप
पवन खेड़ा ने कहा कि उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) ने चार लिंक एक्सप्रेसवे के सात पैकेजों की वित्तीय बोलियां 28 सितंबर को खोली थीं। इसके बाद 27 अक्टूबर को योगी मंत्रिमंडल ने इन परियोजनाओं के लिए 17,542 करोड़ रुपये की मंजूरी दे दी।
उन्होंने आरोप लगाया कि निविदाओं में शामिल कंपनियों की बोलियों के आंकड़े आपसी मिलीभगत और ठेकों के बंटवारे की ओर इशारा करते हैं। खेड़ा के मुताबिक, सभी ठेके इंजीनियरिंग, प्रोक्योरमेंट एंड कंस्ट्रक्शन (ईपीसी) मोड में दिए गए हैं। इस व्यवस्था में ठेकेदार डिजाइन, सामग्री की खरीद और निर्माण का काम करता है, जबकि भुगतान सरकार करती है। ठेकेदार को टोल वसूली का अधिकार भी नहीं मिलता।
सात पैकेजों में किस कंपनी को मिला कितना ठेका?
कांग्रेस नेता ने सातों पैकेजों का ब्योरा देते हुए कंपनियों की बोलियों पर सवाल उठाए।
- 1- एएलई-पीई लिंक: 2,865 करोड़ रुपये के अनुमानित पैकेज में दो बोलियां आईं। डीआरए इन्फ्राकॉन को अनुमानित लागत से पांच प्रतिशत अधिक पर ठेका मिला, जबकि एपीसीओ ने 38 प्रतिशत अधिक की बोली लगाई।
- 2- फर्रुखाबाद का पहला पैकेज: 1,964 करोड़ रुपये के इस पैकेज का ठेका रूसी कंपनी वोल्गाडोरस्ट्रॉय को अनुमानित लागत से 2.52 प्रतिशत कम पर मिला।
- 3- फर्रुखाबाद का दूसरा पैकेज: 2,902 करोड़ रुपये के पैकेज का ठेका एमकेसी को 0.26 प्रतिशत कम पर मिला। बिवडे की बोली 8.5 प्रतिशत अधिक थी।
- 4- झांसी का पहला पैकेज: 2,262 करोड़ रुपये के पैकेज का ठेका एमकेसी को 2.46 प्रतिशत कम पर मिला।
- 5- झांसी का दूसरा पैकेज: 2,739 करोड़ रुपये के पैकेज का ठेका वोल्गाडोरस्ट्रॉय को 1.35 प्रतिशत कम पर मिला। एफकॉन्स और एपीसीओ की बोलियां क्रमश: 20.5 और 24 प्रतिशत अधिक थीं।
- 6- जेवर का पहला पैकेज: 2,108 करोड़ रुपये के पैकेज का ठेका एफकॉन्स को 1.01 प्रतिशत कम पर मिला।
- 7- जेवर का दूसरा पैकेज: 2,127 करोड़ रुपये के पैकेज का ठेका केसीसी को चार प्रतिशत कम पर मिला।
हर कंपनी को मिला कम से कम एक ठेका, प्रतिस्पर्धा पर उठाए सवाल
पवन खेड़ा ने दावा किया कि छह कंपनियों में से प्रत्येक ने ठीक तीन पैकेजों में बोली लगाई और हर कंपनी को कम से कम एक ठेका मिला। वोल्गाडोरस्ट्रॉय को दो ठेके मिलने की बात भी उन्होंने कही। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पैकेज में सफल कंपनी की बोली अनुमानित लागत से थोड़ी कम रही, जबकि दूसरी कंपनियों की बोलियां काफी अधिक थीं। खेड़ा ने इसे प्रतिस्पर्धा का दिखावा बताते हुए कहा कि एक पैकेज पर औसतन ढाई बोलियां ही आईं। उनके मुताबिक, यह सीमित प्रतिस्पर्धा और कथित कार्टेल की आशंका पैदा करता है।
2018 में खुद बीजेपी ने रद्द किए थे टेंडर, अब क्यों दी मंजूरी?
कांग्रेस सांसद ने योगी सरकार पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2018 में इसी सरकार ने पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के टेंडर यह कहते हुए रद्द कर दिए थे कि कंपनियां कार्टेल की तरह काम कर रही हैं।
खेड़ा ने सवाल किया कि जब इस बार भी कंपनियों की बोलियों में कथित तौर पर ऐसी स्थिति दिखाई दे रही है तो सरकार ने टेंडर को मंजूरी क्यों दी? कांग्रेस ने सातों पैकेजों के ठेके रद्द कर नए सिरे से खुली निविदा प्रक्रिया शुरू करने, भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग (सीसीआई) से जांच कराने और न्यायिक जांच की मांग की है।
पार्टी ने सभी बोलीदाताओं की बैंक गारंटी जारी करने वाले बैंक और शाखा, ऑनलाइन बोलियां जमा करने के समय और स्थान तथा तकनीकी रूप से अयोग्य घोषित कंपनियों को बाहर करने के कारण सार्वजनिक करने की मांग भी की। इसके अलावा रूसी कंपनी वोल्गाडोरस्ट्रॉय की पात्रता, भारत में उसके प्रतिनिधि और टेंडर की समयसीमा बार-बार बढ़ाए जाने के कारणों पर भी जवाब मांगा।
दवाओं की खरीद में 10 हजार करोड़ के घोटाले का आरोप
प्रेस कॉन्फ्रेंस में पवन खेड़ा ने प्रदेश में दवाओं की खरीद और बिक्री में 10 हजार करोड़ रुपये के घोटाले का भी आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि 74 रुपये का पॉलीमिक्सिन-बी इंजेक्शन 4,980 रुपये के अधिकतम खुदरा मूल्य (एमआरपी) पर बेचा जा रहा है। उन्होंने 22 सितंबर 2026 को उच्चतम न्यायालय की ओर से कैंसर की दवा की कीमत को लेकर की गई टिप्पणी का भी जिक्र किया। खेड़ा के अनुसार, 2,700 रुपये की दवा पर 27 हजार रुपये एमआरपी रखे जाने को अदालत ने ‘दिनदहाड़े डकैती’ बताया था।
उन्होंने उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक की 23 सितंबर को लखनऊ में युवाओं को सरकारी नौकरी के बजाय ई-रिक्शा चलाने की सलाह वाली टिप्पणी का उल्लेख करते हुए बीजेपी पर निशाना साधा। खेड़ा ने कहा कि गरीबों के बच्चों को रोजगार के लिए रिक्शा चलाने की सलाह दी जा रही है, जबकि स्वास्थ्य विभाग के तहत दवाओं की कीमतों में कथित अनियमितताएं हो रही हैं।
एसआईआर में 3.31 करोड़ मतदाताओं के नाम कम होने का दावा
पवन खेड़ा ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर भी बीजेपी और चुनाव आयोग पर हमला बोला। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची से करीब 3.31 करोड़ नाम कम हुए हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी बीजेपी की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में मतदाता सूची से बड़ी संख्या में नाम गायब होने के आंकड़े रखे थे।
खेड़ा ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के इशारे पर एसआईआर कराने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सवाल भी इन नेताओं के खिलाफ मोर्चा खोलने जैसे हैं।
16.77 करोड़ और 13.39 करोड़ मतदाताओं के आंकड़ों से उठाए सवाल
कांग्रेस नेता ने मुख्यमंत्री की ओर से बताए गए प्रदेश की अनुमानित 25.70 करोड़ आबादी के आधार पर करीब 65 प्रतिशत यानी 16 करोड़ 70 लाख 50 हजार मतदाताओं का अनुमान पेश किया। उन्होंने दावा किया कि राज्य निर्वाचन आयोग की स्थानीय निकायों की मतदाता सूचियों में ग्राम पंचायतों, नगर निगमों, नगर पालिका परिषदों और नगर पंचायतों को मिलाकर कुल 16 करोड़ 77 लाख 8 हजार 379 मतदाता दर्ज हैं। वहीं, एसआईआर के बाद विधानसभा मतदाता सूची में 13 करोड़ 39 लाख 84 हजार 792 मतदाता ही बचे हैं।
इन आंकड़ों के आधार पर खेड़ा ने 3 करोड़ 30 लाख 65 हजार 208 यानी करीब 3.31 करोड़ मतदाताओं की कमी का दावा किया। कांग्रेस ने चुनाव आयोग से एसआईआर के बाद हटाए गए प्रत्येक मतदाता का नाम, नाम हटाने का कारण, संबंधित विधानसभा क्षेत्र और बूथ का विवरण सार्वजनिक करने की मांग की है।
राहुल गांधी के वोट चोरी अभियान का किया जिक्र
पवन खेड़ा ने कहा कि राहुल गांधी देशभर में एसआईआर के जरिए वोट चोरी का मुद्दा उठा रहे हैं और अब बीजेपी के मुख्यमंत्री ने भी मतदाता सूची को लेकर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने योगी आदित्यनाथ और अमित शाह के बीच कथित खींचतान का जिक्र करते हुए दावा किया कि अमित शाह की उत्तर प्रदेश यात्रा इंडिया गठबंधन की जीत की गारंटी साबित होगी। इसके अलावा उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर राम मंदिर के शिलान्यास और उद्घाटन के दौरान संत समाज को पीछे रखने का आरोप लगाया। मंदिर में दान और चढ़ावे की कथित चोरी का मुद्दा उठाते हुए भी उन्होंने सरकार से सवाल किए।



