शेयर बाजार में भूचाल! शुरुआती कारोबार में 470 अंक तक टूटा सेंसेक्स, बाद में संभले बाजार; Axis Bank में 4% से ज्यादा गिरावट
मुंबईः भारतीय शेयर बाजार में सोमवार को कारोबार की शुरुआत गिरावट के साथ हुई। शुरुआती सत्र में बीएसई का सेंसेक्स 470.50 अंक तक टूट गया, जबकि एनएसई का निफ्टी भी 23,000 अंक के स्तर से नीचे फिसल गया। हालांकि, भारतीय स्टेट बैंक (SBI) और रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में खरीदारी से दोनों प्रमुख सूचकांकों ने निचले स्तर से कुछ वापसी की।
बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 470.50 अंक गिरकर 74,318 अंक पर पहुंच गया। वहीं, एनएसई का 50 शेयरों वाला निफ्टी 147.10 अंक टूटकर 22,999.05 अंक पर रहा। बाद में सेंसेक्स 46.49 अंक की गिरावट के साथ 74,682.78 अंक पर और निफ्टी 14.55 अंक फिसलकर 23,131.60 अंक पर कारोबार करता दिखा।
Axis Bank के शेयर में 4% से ज्यादा की गिरावट
सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में एक्सिस बैंक के शेयर में चार प्रतिशत से अधिक की गिरावट दर्ज की गई। बैंक का दूसरी तिमाही का शुद्ध मुनाफा 39.4 प्रतिशत बढ़ने के बावजूद उसके शेयर में बिकवाली देखने को मिली।
इसके अलावा एचडीएफसी बैंक, इन्फोसिस, बजाज फिनसर्व, हिंदुस्तान यूनिलीवर और ट्रेंट के शेयर भी गिरावट में रहे। दूसरी ओर, भारतीय स्टेट बैंक, अल्ट्राटेक सीमेंट, रिलायंस इंडस्ट्रीज, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS), अदाणी पोर्ट्स और एचसीएल टेक के शेयरों में बढ़त दर्ज की गई।
एशियाई बाजारों में मिला-जुला रुख
एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी और चीन का एसएसई कम्पोजिट बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे, जबकि जापान का निक्की 225 गिरावट में रहा। इससे पहले शुक्रवार को अमेरिकी बाजार भी नुकसान के साथ बंद हुए थे। नैस्डैक कम्पोजिट में 2.14 प्रतिशत, एसएंडपी 500 में 1.09 प्रतिशत और डाउ जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज में 0.34 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई थी।
कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट, फिर भी ऊंचे स्तर पर भाव
अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का वायदा भाव 1.90 प्रतिशत गिरकर 107.8 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। हालांकि, कीमत अब भी ऊंचे स्तर पर बनी हुई है। होर्मुज जलडमरूमध्य के पास वाणिज्यिक जहाजों पर हमलों, तेल आपूर्ति में व्यवधान और सऊदी अरब के ऊर्जा बुनियादी ढांचे को निशाना बनाने की धमकियों के कारण लंबे समय तक आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका बनी हुई है।
विदेशी निवेशकों ने खरीदे 1,165 करोड़ रुपये के शेयर
शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने शुक्रवार को शुद्ध रूप से 1,165.92 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे थे। इससे पहले शुक्रवार को सेंसेक्स 413.66 अंक और निफ्टी 148.80 अंक की बढ़त के साथ बंद हुए थे।



