
फ्लैश न्यूज
राज्यपाल ने राजभवन में आयोजित प्रादेशिक फल, शाकभाजी एवं पुष्प प्रदर्शनी के प्रतियोगी विजेताओं को सम्मानित किया
राज्यपाल ने राजभवन में आयोजित चार दिवसीय प्रादेशिक फल, शाकभाजी एवं पुष्प प्रदर्शनी-2023 में आज प्रदर्शनी के विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कृत कर सम्मानित किया। समारोह में राज्यपाल जी ने ‘लौकी मैन‘ द्वारा लौकी के सूखे कवच-फलभित्ति से तैयार शंख का अनावरण किया। उन्होंने इस अवसर पर श्री वसीउल्लाह द्वारा लिखित पुस्तक ‘औद्योगिक बागवानी‘ का विमोचन किया।
कार्यक्रम में राज्यपाल ने उल्लेखनीय उपलब्धिपरक कार्य हेतु डाॅ0 जगदीश किशोर वैज्ञानिक (पादप सुरक्षा) कृषि विज्ञान केन्द्र, फतेहपुर तथा डाॅ0 देवेन्द्र स्वरूप (पशुपालन) कृषि विज्ञान केन्द्र मैनपुरी को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित भी किया।
प्रदर्शन के विजयी प्रतियोगियों को पुरस्कृत करते हुए समारोह में राज्यपाल जी ने व्यक्तिगत वर्ग के प्रथम पुरस्कार प्राप्त विजेता श्री विश्व नारायण श्रीवास्तव, लखनऊ को 108 अंक हासिल करने पर रू0 51,000.00 तथा चलवैजयंती, श्री ओमप्रकाश भोला नर्सरी 96 अंकों को द्वितीय पुरस्कार रू0 31,000.00 तथा चलवैजयंती, लाॅ मार्टीनियर कालेज लखनऊ 94 अंको को तृतीय पुरस्कार रू0 11,000.00 तथा चलवैजयंती, सर्वोत्तम प्रदर्श विजेता श्री जे0पी0 सिंह को रू0 11.000.00 तथा चलवैजयंती प्रदान की।
इसकेे साथ-साथ उन्होंने समस्त वर्गों के समस्त प्रथम विजेताओं तथा महिलाओं एवं बच्चों तथा शाकभाजी के प्रतियोगियों के विजेताओं को भी पुरस्कृत किया। सभी वर्गों के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शों को पुरस्कार राशि रू0 11000.00 प्रदान की गई।
यहाँ उल्लेखनीय है कि राजभवन उद्यान लखनऊ ने 10 ट्राफी और सर्वाधिक 180 अंक प्राप्त करके सर्वाधिक पुरस्कार विजेता का खिताब हांसिल करते हुए राज्यपाल चलवैजयंती के साथ रू0 11,000.00 पुरस्कार राशि प्राप्त की। अधीक्षक राजभवन उद्यान, श्री धीरेन्द्र मिश्रा ने बताया कि राजभवन ने यह सफलता लगातार छठी बार प्राप्त की है।
समारोह में राज्यपाल श्रीमती आंनदीबेन पटेल जी ने कुल 15 चलवैजयंती 04 विशिष्ट पुरस्कार, कलात्मक पुष्प सज्जा महिला वर्ग को 08 पुरस्कार, कलात्मक पुष्प सज्जा 04 से 09 आयु वर्ग को 12 पुरस्कार, कलात्मक पुष्प सज्जा 10 से 16 आयु वर्ग को 12 पुरस्कार, कलात्मक पुष्प सज्जा सभी प्रतियोगियों को 09 पुरस्कार वितरित किए।
इस अवसर पर सम्बोधित करते हुए राज्यपाल जी ने प्रदर्शनी में भाग लेने वाले सभी कृषकों, बागबानों, सरकारी व गैर सरकारी उद्यानों के प्रतिभागियों को बधाई देते हुए उनके योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह प्रदर्शनी उत्तर भारत की सबसे समृद्ध, पुरानी और अनूठी प्रदर्शनी है। इसका उद्देश्य जनसामान्य को बागबानी और फसलों की विविधता एवं नवीनतम जानकारियों से परिचित कराना है।
उन्होंने प्रदर्शनी में प्रगतिशील किसानों द्वारा खेती-किसानी से जुड़े नए मानकों को प्रस्तुत करने की सराहना की। राज्यपाल जी ने कहा कि प्रदर्शनी में जनसामान्य की वृहद-ंस्तर पर रूचि को देखते हुए उन्होंने न केवल प्रदर्शनी के समय में वृद्धि की है अपितु राजभवन के उद्यानों को भी प्रदर्शनी भ्रमण पर आए जनसामान्य के अवलोकनार्थ खोलने के आदेश दिये, ताकि भ्रमण पर आए लोग राजभवन की वाटिकाओं को भी देख सकें।
अपने सम्बोधन में राज्यपाल जी ने बताया कि हाल ही में ‘इन्वेस्टर्स समिट‘ के दौरान उत्तर प्रदेश आयीं देश की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी ने न केवल राजभवन की वाटिकाओं की प्रशंसा की अपितु वे अपने साथ इनके फोटो एवं वीडियो फुटेज भी ले र्गइं। राज्यपाल ने उद्यान विभाग द्वारा निरन्तर सफलतापूर्वक इस प्रदर्शनी का आयोजन करने की सराहना की।
इस अवसर पर समारोह को सम्बोधित करते हुए प्रदेश के मुख्य सचिव श्री दुर्गाशंकर मिश्र ने कहा कि राज्यपाल जी के विशेष प्रयासों से प्रदर्शनी में प्रतियोगियों की बढ़ती संख्या एक बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि ये भी उल्लेखनीय है कि इस प्रदर्शनी से सभी 75 जनपदों से प्रतिभागियों ने प्रतिभाग किया। उन्होंने बताया कि इस वर्ष प्रदर्शनी में कुल 15991 प्रतिष्टियाँ आयीं जो कि गत वर्ष की तुलना में 150 प्रतिशत अधिक हैं।
मुख्य सचिव ने प्रदर्शनी को आम जनता के लिए बड़े स्तर पर खोले जाने हेतु राज्यपाल महोदय की प्रशंसा करते हुए कहा कि प्रदर्शनी की उपयोगिता और आम जनता की रूचि को देखते हुए इसे आगे मण्डल स्तर पर भी आयोजित कराया जायेगा, जिससे आम जनता और किसान इसका भरपूर लाभ प्राप्त कर सके।
समारोह में कृषि उत्पादन आयुक्त श्री मनोज कुमार सिंह ने भी जन समान्य और कृषकों के हित में बागबानी और कृषि में नवीन प्रयोगों पर विचार व्यक्त किए।
इस अवसर पर समारोह में मत्स्य मंत्री श्री संजय निषाद, प्रमुख सचिव राज्यपाल श्रीमती कल्पना अवस्थी, जिलाधिकारी श्री सूर्यपाल गंगवार सहित राजभवन, उद्यान विभाग, कारागार विभाग सहित अन्य विविध विभागों के अधिकारीगण तथा बड़ी संख्या में दर्शक उपस्थित थे।
राज्यों से जुड़ी हर खबर और देश-दुनिया की ताजा खबरें पढ़ने के लिए नार्थ इंडिया स्टेट्समैन से जुड़े। साथ ही लेटेस्ट हिन्दी खबर से जुड़ी जानकारी के लिये हमारा ऐप को डाउनलोड करें।



