चुनावी प्रचार के लिए 22 फरवरी को मणिपुर पहुंचेंगे PM मोदी, रैली को करेंगे संबोधित
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर चुनावी प्रचार के लिए 22 फरवरी को मणिपुर जाएंगे। भारतीय जनता पार्टी के नेताओं ने बताया कि पीएम मोदी अपनी मणिपुर यात्रा के दौरान इंफाल पूर्वी जिले में मुख्यमंत्री बीरेन सिंह के आवास के पास स्थित लुवांगसांगबम खेल परिसर मैदान जाएंगे। जहां वो एक चुनावी रैली को संबोधित करेंगे।
मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह और बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने शुक्रवार को पार्टी के उम्मीदवारों सहित बीजेपी के नेताओं की एक बैठक की अध्यक्षता की। मणिपुर के बीजेपी नेताओं के मुताबिक, केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और केंद्रीय बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल के भी राज्य के अलग-अलग जिलों में चल रहे चुनाव अभियानों में शनिवार को हिस्सा लेने की उम्मीद है।
राहुल गांधी 21 फरवरी को पहुंच रहे मणिपुर
मणिपुर में 27 फरवरी और 3 मार्च को विधानसभा चुनाव प्रस्तावित है। चुनाव को लेकर सभी पार्टियां जोरों-शोरों से जुटी हुईं हैं। वर्तमान में त्रिपुरा के मुख्यमंत्री बिप्लप कुमार देब और केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी इंफाल पश्चिम, सेनापति और जिरीबाम जिलों में बीजेपी उम्मीदवारों के लिए चुनाव प्रचार में हिस्सा ले रहे है।
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी भी पार्टी उम्मीदवारों के लिए चल रहे चुनाव प्रचार में हिस्सा लेने के लिए 21 फरवरी को यहां पहुंच रहे है। राहुल गांधी अपने दौरे के दौरान इम्फाल के पैलेस गेट के हफ्ता कांगजीबंग मैदान में एक चुनावी रैली को संबोधित करेंगे।



