गूंजे धरती-आसमान, पंडित-पासी-पासवान! चौखट-चौखट चिराग के जरिए UP में बिहार दोहराने पर आमादा, 403 सीटों पर तैयारी के समझें मायने
उत्तर प्रदेश की राजनीति में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले नए समीकरण बनाने की कोशिशें तेज होती जा रही हैं। एक तरफ समाजवादी पार्टी पीडीए यानी कि पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक वर्गों के साथ लाने की रणनीति पर काम कर रही है तो दूसरी तरफ भाजपा अपने मजबूत संगठन और चुनावी नेटवर्क के सहारे मैदान तैयार कर रही है। कांग्रेस भी अपनी राजनीतिक जमीन तलाश रही है और छोटे दल अपने लिए नए रास्ते बनाने में जुटे हैं। इसी बीच अब चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी रामविलास ने उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी का ऐलान करके यूपी की सियासत में अपनी मौजूदगी बढ़ाने का संकेत दिया है। दिसंबर से चौखट चौखट चिराग अभियान शुरू करने की तैयारी है। रोड शो होंगे। घर-घर संपर्क किया जाएगा और पार्टी अपने मुद्दों को जनता तक पहुंचाने की कोशिश करेगी।
सपा के PDA के मुकाबले खड़ा किया P3 समीकरण
उत्तर प्रदेश की सियासत में अब एक नए फॉर्मूले की एंट्री हो गई है। समाजवादी पार्टी के PDA दांव को काउंटर करने के लिए एलजेपी (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान ने यूपी में अपना ‘P3’ यानी पंडित, पासी और पासवान समीकरण मैदान में उतार दिया है। बिहार के बाद अब लखनऊ से लेकर यूपी के हर जिले में चिराग पासवान इस नए सामाजिक गठबंधन के साथ-साथ ‘Gen-Z’ यानी आज के युवाओं को जोड़ने की मुहिम चला रहे हैं। देखना दिलचस्प होगा कि बिहार में आजमाया गया चिराग का यह फॉर्मूला उत्तर प्रदेश की सियासी ज़मीन पर कितना असरदार साबित होता है।
लोक जनशक्ति पार्टी रामविलास के राष्ट्रीय अध्यक्ष राग पासवान ने लखनऊ में संगठनात्मक समीक्षा बैठक के बाद उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी की तैयारी साफ कर दी है। पार्टी सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की संभावनाओं के साथ संगठन को मजबूत करने में जुट गई है। हालांकि चुनाव में किसी गठबंधन के साथ उतरना है या अकेले मैदान में जाना है। इस पर अभी अंतिम फैसला नहीं लिया गया है। चिराग पासवान का कहना है कि चुनाव लड़ने का फैसला पार्टी के शीर्ष नेतृत्व की सहमति से लिया गया है। फिलहाल पार्टी का जोर संगठन विस्तार, कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और प्रदेश में अपना जनाधार बढ़ाने पर है। यूपी में संगठन विस्तार की जिम्मेदारी अरुण भारती को दी गई।
दिसंबर से शुरू होने वाला चौखट चौखट चिराग अभियान इस पूरी रणनीति का अहम हिस्सा माना जा रहा है। इस अभियान के तहत ही पार्टी अलग-अलग जिलों में रोड शो करेगी और कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों से संपर्क करेंगे। पार्टी अपनी नीतियों और विचारधारा को जनता तक पहुंचाने के साथ-साथ स्थानीय मुद्दों को समझने की कोशिश भी करेगी। लेकिन चुनावी राजनीति में अभियान शुरू करना और उसे वोट में बदलना दो अलग-अलग बातें हैं। चिराग पासवान के सामने सबसे बड़ी चुनौती यही होगी कि वह अपने अभियान को सिर्फ राजनीतिक कार्यक्रमों तक सीमित ना रखें बल्कि स्थानीय स्तर पर ऐसा संगठन तैयार करें जो चुनाव तक लगातार सक्रिय रहे।



