कोरोना से हालात बेकाबू, सरकार का प्रशासन पर नियंत्रण खत्म
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि प्रदेश में भाजपा सरकार ने प्रशासन पर नियंत्रण खो दिया है। वैज्ञानिकों व वरिष्ठ डॉक्टरों की तमाम चेतावनी को अनसुना कर मुख्यमंत्री स्टार प्रचारक बनकर दूसरे प्रदेशों के दौरे पर निकल गए। इधर उनकी टीम-11 विश्राम में चली गई और अब प्रदेश में हालात पूरी तरह बेकाबू हैं।
अखिलेश ने कहा कि प्रदेश में कोरोना संक्रमण नहीं रुक पा रहा है। मौतों में लगातार वृद्धि हो रही है। भाजपा सरकार आज भी बैठकों से खानापूर्ति कर रही है। उन्होंने कहा कि बरेली में श्मशान भूमि कम पड़ गई। प्रयागराज में अंतिम संस्कार के लिए लकड़ी के मनमाने दाम वसूले जा रहे हैं।
गाजियाबाद, आगरा और कानपुर में भी बुरे हालात हैं। वहीं, लखनऊ में लोगों को एंबुलेंस नहीं मिल रही है और न ही अस्पतालों में मरीजों की भर्ती हो रही है। मरीज सड़क और स्ट्रेचर पर दम तोड़ रहे हैं। डॉक्टर भी संक्रमित हो रहे हैं। जो साहस के साथ सेवा में लगे हैं, उन्हें प्रशासन परेशान कर रहा है।
सपा अध्यक्ष ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली और ऑक्सीजन की कमी जानलेवा साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा हालात संभाल नहीं पा रहे हैं तो कुर्सी छोड़ें। जिससे जनता की जिंदगी से और खिलवाड़ बंद हो।



