
उप राष्ट्रपति ने जनपद गौतमबुद्धनगर में यू0पी0 इण्टरनेशनल ट्रेड शो के द्वितीय संस्करण का शुभारम्भ किया
भारत के उप राष्ट्रपति श्री जगदीप धनखड़ ने कहा कि देश का सबसे बड़ा राज्य उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के गतिशील शासन में फल-फूल रहा है। मुख्यमंत्री जी इस राज्य के लिए गेम चेंजर साबित हुए हैं। इससे देश को काफी मदद मिल रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी का किस प्रकार वर्णन किया जाए। वे मुख्यमंत्री जी के 24×7 कार्य करने की विशेष शैली से अभिभूत हैं।
उप राष्ट्रपति आज ग्रेटर नोएडा, जनपद गौतमबुद्धनगर स्थित इण्डिया एक्सपो सेण्टर एण्ड मार्ट में यू0पी0 इण्टरनेशनल ट्रेड शो के द्वितीय संस्करण का मणिदीप प्रज्ज्वलित कर शुभारम्भ करने के उपरान्त इस अवसर पर आयोजित समारोह को सम्बोधित कर रहे थे। इससे पूर्व, उप राष्ट्रपति जी एवं मुख्यमंत्री जी ने विभिन्न हॉल में लगाए गए स्टालों का अवलोकन किया।
उप राष्ट्रपति ने यू0पी0 इण्टरनेशनल ट्रेड शो के आयोजन के लिए अपनी शुभकामनाएं देते हुए कहा कि निवेश के लिए कानून-व्यवस्था से ज्यादा महत्वपूर्ण कुछ नहीं है। कानून-व्यवस्था लोकतंत्र को परिभाषित करती है
और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी कानून-व्यवस्था को परिभाषित करते हैं। उन्होंने कहा कि यहां विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन करने पर ऐसा लगा कि वह दुनिया के सबसे विकसित देश में हैं। यह आयोजन प्रदेश के कारीगरों, शिल्पकारों तथा दुनियाभर के बायर्स को एक मंच पर लाने का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने विचारशील, दूरदर्शी और व्यावहारिक सोच के लिए मुख्यमंत्री जी को बधाई दी।
उप राष्ट्रपति जी ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यू0पी0 इण्टरनेशनल ट्रेड शो के द्वितीय संस्करण में दक्षिण एशिया में प्रभावशाली जी0डी0पी0 वाला देश वियतनाम भागीदार देश के रूप में शामिल हुआ है। वियतनाम को इस बात के लिए आश्वस्त होना चाहिए कि वह सही जगह पर है, क्योंकि वे यहां सर्वश्रेष्ठ लोगों से जुड़ सकते हैं।