
बिहार पहुंचते ही वैभव सूर्यवंशी हुई मालामाल : सीएम नीतीश ने 50 लाख का चेक देकर किया सम्मानित
पटना। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रविवार को क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी को 50 लाख रुपये का चेक देकर सम्मानित किया। सूर्यवंशी की रिकॉर्ड सेंचुरी की मदद से भारत ने छह फरवरी को आईसीसी अंडर-19 विश्व कप 2026 का खिताब जीता था। समस्तीपुर जिले के रहने वाले 14 साल के इस खिलाड़ी ने 80 गेंद पर 218 से अधिक के स्ट्राइक रेट से 175 रन बनाए और उन्हें मैच और टूर्नामेंट का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया।
मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान के मुताबिक सूर्यवंशी को मुख्यमंत्री के सरकारी आवास परिसर में ‘संकल्प सभागार’ में चेक और शॉल देकर सम्मानित किया गया। नीतीश ने कहा, ”अपनी कड़ी मेहनत और प्रतिभा से वैभव सूर्यवंशी भारतीय क्रिकेट के लिए एक नई उम्मीद बनकर उभरे हैं। मैं उन्हें राष्ट्रीय टीम के लिए नई उपलब्धियां बनाने और देश का नाम रोशन करने में सफलता की कामना करता हूं।
उन्होंने कहा कि इस युवा क्रिकेटर के प्रदर्शन ने बिहार को गौरवांवित किया और भारत की खिताबी जीत में अहम भूमिका निभाई। सम्मान समारोह में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, खेल मंत्री श्रेयसी सिंह, राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी और बिहार क्रिकेट संघ के प्रतिनिधि मौजूद थे।



