UPSSSC PET: परीक्षा देने जाना होगा आसान, लखनऊ से बरेली के लिए चलेगी अनारक्षित स्पेशल ट्रेन
(UPSSSC) की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा के अभ्यर्थियों और आम यात्रियों को रेलवे ने राहत दी है। लखनऊ और बरेली के बीच अनारक्षित परीक्षा विशेष ट्रेन चलाई जाएगी। यह ट्रेन लखीमपुर, गोला गोकर्णनाथ, मैलानी, पूरनपुर और पीलीभीत समेत कई स्टेशनों से होकर गुजरेगी। इससे इन इलाकों के यात्रियों को बरेली और लखनऊ के बीच आने-जाने के लिए अतिरिक्त रेल सुविधा मिलेगी।
इज्जतनगर मंडल के जनसंपर्क अधिकारी सफदर हुसैन ने बताया कि गाड़ी संख्या 05011 लखनऊ-बरेली परीक्षा स्पेशल 24, 29 और 31 अक्तूबर को संचालित होगी। वापसी में गाड़ी संख्या 05012 बरेली-लखनऊ परीक्षा स्पेशल 25 और 30 अक्तूबर तथा एक नवंबर को चलेगी।
रात में लखनऊ से चलेगी ट्रेन, सुबह पहुंचेगी बरेली
गाड़ी संख्या 05011 लखनऊ जंक्शन से रात 11:35 बजे रवाना होगी। यह ऐशबाग, मोहिबुल्लापुर, सिधौली और सीतापुर होते हुए रात 1:52 बजे हरगांव पहुंचेगी। इसके बाद लखीमपुर से रात 2:18 बजे, गोला गोकर्णनाथ से 2:47 बजे, मैलानी से 3:30 बजे, पूरनपुर से 4:13 बजे और पीलीभीत से सुबह 5:30 बजे रवाना होगी। ट्रेन भोजीपुरा से 6:22 बजे, इज्जतनगर से 7:05 बजे और बरेली सिटी से 7:30 बजे चलकर सुबह 7:45 बजे बरेली जंक्शन पहुंचेगी।
बरेली से शाम छह बजे होगी वापसी
वापसी में गाड़ी संख्या 05012 बरेली जंक्शन से शाम छह बजे रवाना होगी। बरेली सिटी से 6:20 बजे, इज्जतनगर से 6:35 बजे और भोजीपुरा से शाम सात बजे चलेगी। ट्रेन पीलीभीत से रात 8:10 बजे, पूरनपुर से 9:20 बजे, मैलानी से 10:30 बजे, गोला गोकर्णनाथ से 10:57 बजे और लखीमपुर से 11:35 बजे रवाना होगी। हरगांव से रात 11:55 बजे चलकर अगले दिन सुबह तीन बजे लखनऊ जंक्शन पहुंचेगी।
12 कोच लगाए जाएंगे
परीक्षा विशेष ट्रेन में सामान्य श्रेणी के 10 और एसएलआर के दो कोच समेत कुल 12 आईसीएफ कोच लगाए जाएंगे। रेल प्रशासन ने प्रतियोगी परीक्षार्थियों और यात्रियों से इस विशेष ट्रेन की सुविधा का लाभ उठाने की अपील की है।



