मिट्टी में मिला देंगे…अखिलेश के रोड शो में बच्चे की मौत पर CM योगी का आया पहला रिएक्शन
समाजवादी पार्टी के रोड शो के दौरान एक नाबालिग बच्चे की मौत के मामले पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कड़ा रुख अपनाया है। एक जन चौपाल को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने इस घटना पर गहरा दुख और आक्रोश व्यक्त किया। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर उस मासूम का क्या कसूर था, जिसकी जान सपा की अराजकता की भेंट चढ़ गई। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि वे आज खुद पीड़ित परिवार से मुलाकात करने जाएंगे और दोषियों को सख्त सजा दिलाई जाएगी। सपा पर तीखा हमला बोलते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में माफियाराज हावी था और समाजवादी पार्टी हमेशा से माफिया व अपराधियों की पर्याय रही है। इस दुखद घटना का जिक्र करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि अराजकता फैलाने वाले और माफियाओं को संरक्षण देने वाले इन लोगों के पास पीड़ित परिवार के लिए संवेदना के दो शब्द तक नहीं हैं। सपा की कार्यशैली पर तंज कसते हुए सीएम ने कहा कि ऐसे लोग ‘कुत्ते की टेढ़ी पूंछ’ की तरह हैं, जो कभी सीधे नहीं हो सकते। सीएम योगी ने कहा कि अच्छी सड़कें इसलिए नहीं बनी हैं कि सपा और कांग्रेस के लोग उन पर गुंडागर्दी करें। अगर किसी ने माफियागिरी करने की कोशिश की तो उन्हें मिट्टी में मिलाने में देर नहीं होगी।



