जहां कभी महीनों रहता था कर्फ्यू, वहां आज बन रही ब्रह्मोस मिसाइल, CM योगी ने जेन-जी को याद दिलाया यूपी का पुराना दौर
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज की जेन-जी और जेन-अल्फा पीढ़ी को 10 वर्ष पहले के उत्तर प्रदेश की परिस्थितियों से परिचित कराना जरूरी है। 15 से 27 वर्ष की उम्र के युवाओं ने उस दौर को नहीं देखा, जब प्रदेश में महीनों तक कर्फ्यू लगता था, दंगे होते थे, बेटियों की सुरक्षा पर सवाल उठते थे और व्यापारियों से रंगदारी वसूली जाती थी। नई पीढ़ी को यह बताना होगा कि प्रदेश ने किन परिस्थितियों से निकलकर आज यह मुकाम हासिल किया है।
एक निजी चैनल के कार्यक्रम ‘राइजिंग भारत समिट’ में मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान तभी सुरक्षित होता है, जब हम अपने अतीत को देखते हैं। भविष्य तभी गरिमामय होगा, जब वर्तमान में सुधार होगा। पिछली सरकारों की गलतियों का परिमार्जन करने से प्रदेश में बदलाव आया है। अब इस बदलाव को लगातार आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी नई पीढ़ी की है।
‘बंटोगे तो कटोगे’ और ‘एक हैं तो सेफ हैं’ का संदेश सतर्कता के लिए
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘बंटोगे तो कटोगे’ और ‘एक हैं तो सेफ हैं’ के नारे को लेकर कहा कि इसका उद्देश्य किसी तरह का ध्रुवीकरण करना नहीं, बल्कि समाज को सतर्क और सावधान करना है। उन्होंने कहा कि समाज की एकजुटता ही उसकी सुरक्षा और मजबूती का आधार है। युवाओं को अतीत की गलतियों और परिस्थितियों से सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए।
सपा सरकार में हुए दंगों का जिक्र, बोले- आज यूपी दंगा और कर्फ्यू मुक्त
मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी की पिछली सरकार पर निशाना साधते हुए जवाहर बाग, मुजफ्फरनगर, कोसीकलां और अलीगढ़ में हुई घटनाओं का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उस समय प्रदेश में दंगों का सिलसिला बना रहता था। बरेली में हर तीसरे महीने दंगा होने की स्थिति थी। उन्होंने जवाहर बाग की घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि कब्जा हटाने की कार्रवाई के दौरान एसपी मुकुल द्विवेदी और थानाध्यक्ष संतोष यादव की हत्या हुई थी और 23 लोगों की जान गई थी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज भाजपा सरकार में उत्तर प्रदेश दंगा और कर्फ्यू मुक्त है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2047 तक विकसित भारत के विजन को साकार करने में युवाओं को अलग-अलग क्षेत्रों में नेतृत्व करना होगा। इसके लिए उन्हें यह भी समझना होगा कि उनके माता-पिता ने किन परिस्थितियों में अपना जीवन बिताया है।
मथुरा-अयोध्या चुनावी एजेंडा नहीं, आस्था के केंद्र हैं
मथुरा और अयोध्या से जुड़े सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि ये चुनावी एजेंडे नहीं, बल्कि हमारी आस्था के केंद्र हैं। काशी विश्वनाथ कॉरिडोर, अयोध्या का अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, मथुरा-वृंदावन का विकास और 4,500 से अधिक प्राचीन मंदिरों एवं आध्यात्मिक स्थलों का पुनरुद्धार इसी विरासत को सम्मान देने का प्रयास है।
उन्होंने सीर गोवर्धन में संत रविदास के भव्य कॉरिडोर, प्रतिमा और फोरलेन सड़क का जिक्र करते हुए कहा कि पहले वहां दलितों को अपमानित किया जाता था और कार्यक्रमों में विवाद खड़े होते थे, लेकिन अब ऐसी स्थिति नहीं है। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर तुष्टीकरण की राजनीति के चलते संस्थाओं के इस्लामीकरण का आरोप भी लगाया।
9.75 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी, 10.5 लाख तक पहुंचाने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने युवाओं को पहचान के संकट से निकालकर उनके सामने उज्ज्वल भविष्य के अवसर उपलब्ध कराए हैं। शिक्षा, रोजगार, पारदर्शी भर्ती और आधुनिक तकनीक के प्रशिक्षण के जरिए युवा शक्ति को नई दिशा दी गई है।
उन्होंने बताया कि अब तक 9.75 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी जा चुकी है। सरकार का लक्ष्य दस वर्ष का कार्यकाल पूरा होने तक इस आंकड़े को 10.5 लाख तक पहुंचाना है। निवेश के माध्यम से 65 लाख युवाओं को रोजगार मिला है। प्रदेश में 96 लाख एमएसएमई इकाइयों में 3.25 करोड़ से अधिक लोग काम कर रहे हैं। वहीं, स्टार्टअप की संख्या 120 से बढ़कर 25 हजार हो गई है। इनमें करीब आधे स्टार्टअप महिलाओं द्वारा संचालित हैं।
यूपी का युवा अब जॉब सीकर नहीं, जॉब क्रिएटर बन रहा
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश का युवा अब नौकरी तलाशने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बन रहा है। कानपुर में आईआईटी के सहयोग से मेडटेक और ड्रोन टेक्नोलॉजी, नोएडा में रोबोटिक्स और सेमीकंडक्टर तथा लखनऊ में एआई सिटी विकसित की जा रही है। प्रदेश में 36 सेक्टोरल पॉलिसीज के जरिए निवेश के व्यापक अवसर उपलब्ध कराए गए हैं।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश देश में सर्वाधिक कैपिटल एक्सपेंडिचर करने वाला राज्य है। पिछले साढ़े नौ वर्षों में प्रदेश की अर्थव्यवस्था 12 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर 36 लाख करोड़ रुपये हो गई है। इसी अवधि में प्रति व्यक्ति आय 43 हजार रुपये से बढ़कर 1.24 लाख रुपये पहुंच गई है।
कट्टा-बम बनाने वाले यूपी में अब बन रही ब्रह्मोस मिसाइल
मुख्यमंत्री ने प्रदेश में हुए बुनियादी ढांचे के विकास का जिक्र करते हुए कहा कि जेवर में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, मेट्रो परियोजनाएं, सभी 75 जिलों में बिजली की उपलब्धता, गंगा और बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे तथा डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग कॉरिडोर प्रदेश की नई पहचान बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिस उत्तर प्रदेश में कभी कट्टा और बम बनते थे, आज उसी प्रदेश में ब्रह्मोस मिसाइल का निर्माण हो रहा है। यह बदलाव प्रदेश की नई औद्योगिक और तकनीकी पहचान को दर्शाता है।



