UCC से कृष्ण जन्मभूमि तक… 2027 के लिए भाजपा ने तैयार किए पांच बड़े मुद्दे, पढ़ें इनसाइड स्टोरी
उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपनी चुनावी रणनीति को धार देना शुरू कर दिया है। मथुरा में आयोजित पार्टी के चिंतन शिविर में मिशन-2027 के लिए पांच प्रमुख मुद्दों पर फोकस करने की रणनीति पर मंथन हुआ।
पार्टी तीसरी बार सत्ता में वापसी के लिए विकास और कानून-व्यवस्था के साथ सांस्कृतिक राष्ट्रवाद को भी चुनावी विमर्श के केंद्र में लाने की तैयारी में है। इसमें श्रीकृष्ण जन्मभूमि का मुद्दा प्रमुखता से शामिल है। भाजपा के चुनावी एजेंडे में श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर भव्य मंदिर, समान नागरिक संहिता (यूसीसी), इंफ्रास्ट्रक्चर और विकास, कानून-व्यवस्था व सुरक्षा तथा राष्ट्रवाद और सांस्कृतिक विरासत जैसे पांच मुद्दों को अहम माना जा रहा है।
श्रीकृष्ण जन्मभूमि के मुद्दे को धार देने की तैयारी
मथुरा के चिंतन शिविर में श्रीकृष्ण जन्मभूमि का मुद्दा प्रमुखता से चर्चा में रहा। सूत्रों के मुताबिक, बैठक में इस मुद्दे को और प्रभावी ढंग से उठाने और इसे चुनावी विमर्श का अहम हिस्सा बनाने पर जोर दिया गया। इसके लिए राजनीतिक और कानूनी स्तर पर आगे की रणनीति तैयार करने पर भी विचार हुआ। सूत्रों के अनुसार, 2027 में लगातार तीसरी बार सरकार बनने की स्थिति में अगले छह महीने के भीतर मंदिर निर्माण की दिशा में प्रक्रिया शुरू करने का लक्ष्य रखने को लेकर भी चर्चा हुई। हालांकि, यह अभी बैठक से जुड़ी चर्चाओं और संभावित रणनीति का हिस्सा है।
भोजशाला की तर्ज पर कानूनी विकल्पों पर मंथन
श्रीकृष्ण जन्मभूमि से जुड़े मामलों में कानूनी और प्रशासनिक विकल्पों पर विचार करने की बात भी सामने आई है। इसके लिए मध्य प्रदेश की भोजशाला के मामले की तर्ज पर उपलब्ध कानूनी रास्तों और अदालतों में चल रहे मामलों के विकल्पों पर मंथन किए जाने की चर्चा है। पार्टी इस मुद्दे पर अपनी राजनीतिक और वैचारिक सक्रियता बढ़ाने की तैयारी में है।
UCC से कानून-व्यवस्था तक पांच मुद्दों पर फोकस
भाजपा की रणनीति में केवल श्रीकृष्ण जन्मभूमि ही नहीं, बल्कि अन्य मुद्दे भी शामिल हैं। समान नागरिक संहिता को लेकर पार्टी अपनी वैचारिक प्रतिबद्धता को आगे बढ़ा सकती है। इसके साथ प्रदेश में हुए इंफ्रास्ट्रक्चर विकास, कानून-व्यवस्था और सुरक्षा को भी चुनावी उपलब्धियों के रूप में जनता के सामने रखने की तैयारी है।
राष्ट्रवाद और सांस्कृतिक विरासत को भी चुनावी एजेंडे का अहम हिस्सा बनाने पर जोर है। कुल मिलाकर भाजपा वर्ष 2027 के चुनाव में विकास और सुरक्षा के मुद्दों के साथ सांस्कृतिक राष्ट्रवाद को जोड़कर तीसरी बार सत्ता में वापसी की जमीन तैयार करना चाहती है।
मथुरा के चिंतन शिविर से मिशन-2027 का संदेश
मथुरा में हुई बैठक से मिले संकेतों के मुताबिक, भाजपा आगामी विधानसभा चुनाव में श्रीकृष्ण जन्मभूमि के मुद्दे को प्रमुख राजनीतिक और वैचारिक एजेंडे के रूप में आगे बढ़ा सकती है। इसके साथ यूसीसी, विकास, कानून-व्यवस्था और राष्ट्रवाद के मुद्दों को भी चुनावी अभियान में प्रमुखता देने की तैयारी है। पार्टी की रणनीति कितनी प्रभावी साबित होगी, इसका फैसला 2027 में मतदाता करेंगे।
कृष्ण जन्मभूमि पर मुखर होगी पार्टी
मथुरा में बैठक का सबसे बड़ा राजनीतिक संदेश श्रीकृष्ण जन्मभूमि को लेकर सामने आया। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य पहले ही कह चुके हैं कि 2027 के चुनाव में यह बड़ा मुद्दा होगा। उन्होंने कहा कि अयोध्या की तरह मथुरा में भी श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर भव्य मंदिर का निर्माण होगा और इसके लिए न्यायिक प्रक्रिया या आपसी संवाद का रास्ता अपनाया जाएगा। इसी के साथ यूसीसी, कानून-व्यवस्था, विकास और राष्ट्रवाद को चुनावी अभियान के दूसरे प्रमुख मुद्दों के रूप में आगे बढ़ाने की तैयारी है। यानी भाजपा का चुनावी फोकस केवल धार्मिक मुद्दे तक सीमित रखने के बजाय सरकार के कामकाज और सांस्कृतिक राष्ट्रवाद को साथ लेकर चलने का है।
पंकज चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष :
मथुरा बैठक में बूथ सशक्तीकरण, आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों और हर घर तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर चर्चा की गई।
विनोद तावड़े, प्रदेश प्रभारी :
बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और दोनों उपमुख्यमंत्रियों समेत सरकार के अधिकारियों के साथ आगामी चुनाव की तैयारियों पर चर्चा की।



