राज्य

यूपी में नकली बीज बेचने वालों पर योगी सरकार का चाबुक, पांच लाइसेंस रद्द, 188 विक्रेताओं को नोटिस

उत्तर प्रदेश में रबी फसलों की बुआई को देखते हुए नकली और अधोमानक बीजों की बिक्री रोकने के लिए उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यानथ सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। प्रदेशभर में चलाए गए औचक निरीक्षण अभियान के दौरान अनियमितताएं मिलने पर पांच बीज विक्रेताओं के लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिए गए हैं। इसके अलावा पांच प्रतिष्ठानों की बिक्री पर प्रतिबंध लगाया गया है, जबकि 188 विक्रेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। 26 विक्रेताओं को चेतावनी भी दी गई है।

प्रदेशभर में 2,858 स्थानों पर छापेमारी

किसानों को निर्धारित मूल्य पर गुणवत्तायुक्त बीज उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शासन ने 27 अक्टूबर 2026 को प्रदेश के सभी मंडलायुक्तों और जिलाधिकारियों को बीज विक्रेताओं की दुकानों और प्रतिष्ठानों का आकस्मिक निरीक्षण करने के निर्देश दिए थे। इन निर्देशों के अनुपालन में प्रदेशभर में सघन जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान कुल 2,858 स्थानों पर छापेमारी की गई। इस दौरान बीजों की गुणवत्ता की जांच के लिए 1,865 नमूने एकत्र किए गए।

अनियमितता मिलने पर पांच लाइसेंस निरस्त

निरीक्षण के दौरान बीज कारोबार में अनियमितताएं मिलने पर विभाग ने कड़ी कार्रवाई की। पांच बीज विक्रेताओं के लाइसेंस निरस्त कर दिए गए, जबकि पांच प्रतिष्ठानों की बीज बिक्री प्रतिबंधित कर दी गई। इसके साथ ही 188 विक्रेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए और 26 विक्रेताओं को चेतावनी दी गई।

किसानों को गुणवत्तायुक्त बीज उपलब्ध कराना प्राथमिकता

शासन का उद्देश्य किसानों को रबी फसलों की बुआई के लिए निर्धारित दरों पर उच्च गुणवत्ता वाले बीज उपलब्ध कराना है। नकली और अधोमानक बीजों की बिक्री से किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। इसी को देखते हुए प्रदेशभर में निरीक्षण और प्रवर्तन की कार्रवाई तेज की गई है। शासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि किसानों के हितों की रक्षा और गुणवत्ताहीन बीजों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Related Articles

Back to top button

mahjong ways

slot777