सपा पर भड़के दोनो डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, अखिलेश यादव को बताया पिछड़ों और दलितों का विरोधी
लखनऊः उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पिछले कुछ दिनों से पार्टी के 209 संभावित उम्मीदवारों की सूची तैयार होने और केंद्रीय नेतृत्व को भेजे जाने की खबरें चर्चा में थीं। अब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने इन खबरों को खारिज कर दिया है। दोनों नेताओं ने स्पष्ट किया कि पार्टी ने न तो ऐसी कोई सूची तैयार की है और न ही उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया शुरू हुई है। इसी बीच भाजपा सोमवार और मंगलवार को मथुरा में दो दिवसीय रणनीतिक बैठक कर चुनावी तैयारियों पर मंथन करेगी।
भाजपा के चिंतन शिविर में नेतृत्व से मिलेगा मार्गदर्शन: ब्रजेश पाठक
मथुरा। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने मथुरा में भाजपा के दो दिवसीय चिंतन शिविर को संगठनात्मक प्रक्रिया का हिस्सा बताया। उन्होंने कहा कि पार्टी के शीर्ष संगठन और वरिष्ठ पदाधिकारी शिविर में पहुंचे हैं। कार्यकर्ता उनसे आशीर्वाद और मार्गदर्शन प्राप्त करेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा में नेतृत्व से निर्देश लेकर प्रदेश के सर्वांगीण और चतुर्मुखी विकास के लिए काम करने की परंपरा रही है।
ब्रजेश पाठक ने दावा किया कि 2014 से अब तक भारत ने हर क्षेत्र में प्रगति की है। वहीं, उत्तर प्रदेश 2017 के बाद बीमारू राज्य के कलंक से बाहर निकलकर रेवेन्यू सरप्लस राज्य बना है।
सपा के आगरा सम्मेलन में दलित समाज का कोई प्रतिनिधि नहीं था: ब्रजेश पाठक
समाजवादी पार्टी के आगरा दलित सम्मेलन पर भी ब्रजेश पाठक ने सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि सम्मेलन में दलित समाज का कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था। मीडिया में आई सूची का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि उसमें भी एक व्यक्ति दलित समाज का नहीं था। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा जब भी सत्ता में रही, उसने दलितों और गरीबों पर अत्याचार किए। पाठक ने कहा कि जनता सपा की सच्चाई समझ चुकी है और उसे कभी स्वीकार नहीं करेगी।
सपा के साथ सीट बंटवारे पर जल्द शुरू होगी बातचीत: आराधना मिश्रा मोना
लखनऊ। कांग्रेस विधायक दल की नेता आराधना मिश्रा मोना ने कहा कि चुनाव जीतने और सरकार बनाने के लिए गठबंधन किया जाता है और इसमें कोई रॉकेट साइंस नहीं है। उन्होंने बताया कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के नेतृत्व के बीच गठबंधन को लेकर अब तक बातचीत हुई है। अब कांग्रेस भी इसमें शामिल होगी और अगले दिन से सपा के साथ सीटों के बंटवारे पर पहली बैठक प्रस्तावित थी।
आराधना मिश्रा ने कहा कि गठबंधन को मजबूत बनाना दोनों दलों का लक्ष्य है और सीट बंटवारे पर जो भी फैसला होगा, वह दोनों पार्टियों के सम्मान को ध्यान में रखकर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि दोनों दल सभी 403 विधानसभा सीटों पर मजबूती से चुनाव लड़ने की तैयारी करेंगे। जहां सपा का उम्मीदवार होगा, वहां कांग्रेस उसका समर्थन करेगी और कांग्रेस के उम्मीदवार वाली सीटों पर सपा साथ देगी।
उन्होंने 2024 के लोकसभा चुनाव में सफल रहे फॉर्मूले के आधार पर 2027 का चुनाव लड़ने की बात कही। साथ ही दोनों दलों के साझा चुनाव प्रचार की भी जानकारी दी। ओवैसी पर निशाना साधते हुए उन्होंने सवाल किया कि चुनाव आते ही उन्हें पीड़ा क्यों होने लगती है और वह गठबंधन बनाने की बात करने लगते हैं। उन्होंने दावा किया कि 2027 में इंडिया गठबंधन की सरकार बनेगी।
भाजपा को हराने के लिए एक बैनर तले चुनाव लड़ेंगे विपक्षी दल: पल्लवी पटेल
प्रयागराज। अपना दल (कमेरावादी) की विधायक पल्लवी पटेल ने दावा किया कि 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भाजपा को हराने के लिए सभी विपक्षी दल एक बैनर तले चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि यूपी का चुनाव बंगाल और बिहार समेत दूसरे राज्यों के चुनावों से अलग होगा।
प्रयागराज में मीडिया से बातचीत के दौरान पल्लवी पटेल ने कहा कि देश की राजनीति दो धड़ों में बंट रही है और उत्तर प्रदेश का चुनाव दिल्ली की सत्ता के लिहाज से बेहद अहम होगा। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि किसी भी नेता का राजनीतिक कद जनता तय करती है। उन्होंने सिराथू से दोबारा चुनाव लड़ने और जनता के बीच अपने काम का मूल्यांकन कराने की भी बात कही।
आजम खान की रिमांड नहीं बढ़ी, डासना जेल लौटाए जाने की तैयारी
समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान को जौहर ट्रस्ट से जुड़े मामले में ईडी की चार दिन की रिमांड पूरी होने के बाद सोमवार को कोर्ट में पेश किया जाना था। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, उनकी रिमांड बढ़ाए जाने की संभावना नहीं थी और उन्हें वापस डासना जेल भेजा जाना था। आगामी विधानसभा चुनाव से पहले आजम खान की कानूनी चुनौतियां समाजवादी पार्टी के लिए भी अहम राजनीतिक मुद्दा बन सकती थीं।
209 उम्मीदवारों की सूची की खबरों को बताया मनगढ़ंत
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने 15 नवंबर को संयुक्त प्रेस विज्ञप्ति जारी कर 209 उम्मीदवारों की कथित सूची से जुड़ी खबरों को भ्रामक बताया। उन्होंने कहा कि पार्टी में अभी प्रत्याशियों के चयन की प्रक्रिया शुरू ही नहीं हुई है। ऐसे में किसी सूची को केंद्रीय नेतृत्व के पास भेजने का सवाल नहीं उठता।
दोनों नेताओं ने कहा कि इस तरह की अफवाहों से पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच भ्रम फैलाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं और आम लोगों से अपील की कि वे ऐसी खबरों पर भरोसा न करें और केवल पार्टी के आधिकारिक बयानों को ही सही मानें।
मथुरा में दो दिन चलेगा चुनावी मंथन
भाजपा ने विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के लिए मथुरा के परखम गांव स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय गो-अनुसंधान केंद्र में 16 और 17 नवंबर को दो दिवसीय रणनीतिक बैठक बुलाई है। पार्टी के जिला मीडिया प्रभारी श्याम चतुर्वेदी के मुताबिक, बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) बीएल संतोष, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े और उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक सहित कई वरिष्ठ नेताओं के शामिल होने की संभावना है।
बैठक में चुनावी मुद्दों के साथ संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर चर्चा होगी। पन्ना प्रमुखों, शक्ति केंद्रों और निष्क्रिय संगठनात्मक इकाइयों को सक्रिय करने की रणनीति बनाई जाएगी। इसके अलावा नए मतदाताओं, युवाओं, महिलाओं और विभिन्न सामाजिक वर्गों के बीच पार्टी की पहुंच बढ़ाने पर भी मंथन होगा।
ब्रज क्षेत्र में भाजपा की वैचारिक और संगठनात्मक पकड़ मजबूत करने के लिहाज से मथुरा में बैठक को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।



