राज्य

यूपी में NDA के साथ या अकेले? चिराग पासवान ने खोले अपने सभी पत्ते, PDA पर अखिलेश यादव को घेरा

 उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने मंगलवार को बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि उनकी पार्टी यूपी की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है। उन्होंने साफ किया कि यदि गठबंधन को लेकर सहमति नहीं बनी तो पार्टी अकेले ही चुनाव मैदान में उतरेगी।

लखनऊ पहुंचे चिराग पासवान ने पार्टी कार्यालय का उद्घाटन किया। इस दौरान मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि पार्टी ने चुनाव को लेकर अपने सभी विकल्प खुले रखे हैं। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के साथ सीटों के बंटवारे को लेकर उन्होंने कहा कि अभी इस पर टिप्पणी करना जल्दबाजी होगी। चुनाव में अभी समय है और गठबंधन को लेकर अंतिम फैसला चुनाव नजदीक आने पर लिया जाएगा।

घर-घर तक पहुंचाएंगे पार्टी की विचारधारा

चिराग पासवान ने कहा कि फिलहाल पार्टी का मुख्य उद्देश्य अपनी विचारधारा को प्रदेश के हर घर तक पहुंचाना है। अभी तक पार्टी मंचों के माध्यम से कार्यक्रम आयोजित करती रही है, लेकिन अब कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों से संपर्क करेंगे। उन्होंने संगठन को मजबूत करने और प्रदेश में पार्टी का जनाधार बढ़ाने पर जोर दिया।

पीडीए पर अखिलेश यादव को घेरा

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव की ओर से पीडीए में ‘डी’ का अर्थ ‘दमदार दलित’ बताए जाने पर चिराग पासवान ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि दलितों को दमदार बनाने का काम रामविलास पासवान जैसे नेताओं ने किया है। उन्होंने सपा और कांग्रेस पर दलितों को राजनीतिक रूप से हाशिये पर रखने का आरोप भी लगाया। चिराग ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर को चुनाव हराने और उनका अपमान करने का काम किया था।

तीसरे मोर्चे को जनता नहीं करेगी स्वीकार

असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के गठबंधन की संभावनाओं पर चिराग पासवान ने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता तीसरे मोर्चे को स्वीकार नहीं करेगी। वहीं, सपा-कांग्रेस गठबंधन पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि इसे देखकर लोगों को गुंडाराज की याद आती है। उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में राजग एक बार फिर प्रदेश में सरकार बनाएगा। चिराग ने कहा कि डबल इंजन सरकार के कामकाज का अनुभव जनता को हो चुका है।

28 नवंबर को लखनऊ में मनाया जाएगा स्थापना दिवस

चिराग पासवान ने बताया कि 28 नवंबर को लखनऊ में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) का स्थापना दिवस मनाया जाएगा। इससे पहले पांच नवंबर को वाराणसी में पार्टी की ओर से बड़ी जनसभा आयोजित की गई थी। पार्टी अब प्रदेश में संगठन विस्तार और जनसंपर्क अभियान के जरिए 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों को गति देने में जुटेगी।

Related Articles

Back to top button

mahjong ways

slot777