माफिया के बाद अब नशे के सौदागरों को करेंगे तबाह, सीएम ने किया बड़े अभियान का ऐलान
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि माफिया और संगठित अपराध पर प्रभावी कार्रवाई के बाद अब प्रदेश सरकार नशे के सौदागरों को तबाह करेगी। इसके लिए निर्णायक अभियान शुरू होगा। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और अपनी ऊर्जा शिक्षा, कौशल व रोजगार पर लगाने का आह्वान किया। सपा के जुलूस के मसूम की हत्या का जिक्र करते हुए चेतावनी दी कि चुनाव के समय बिलों से निकलकर अराजकता फैलाने वाले सपा के गुंडों को कुचल दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री शुक्रवार को गोरखपुर में स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के दूसरे चरण के तहत आयोजित समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर और महराजगंज के 50 हजार से अधिक छात्र-छात्राओं व प्रशिक्षणार्थियों को टैबलेट वितरण की शुरुआत की। 23 विद्यार्थियों को उन्होंने स्वयं टैबलेट दिए। मुख्यमंत्री ने दो दिन पहले गोरखपुर में सपा के जुलूस के दौरान दसवीं के छात्र की मौत का जिक्र करते हुए घटना को प्रदेश की पहचान पर काला धब्बा बताया।
उन्होंने कहा कि अपनी छोटी बहन को स्कूल से लेने जा रहा छात्र चौरी-चौरा के क्रांतिकारी पूजन सिंह का प्रपौत्र था। योगी ने कहा कि चुनाव के समय बिलों से निकलकर अराजकता फैलाने वाले तत्वों को पूरी तरह कुचल दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि हर जिले में सरदार वल्लभभाई पटेल स्किलिंग एंड एंप्लॉयमेंट जोन बनाया जाएगा। यहां जापानी और जर्मन भाषा समेत विभिन्न कौशल का प्रशिक्षण देकर युवाओं को देश-विदेश की कंपनियों से जोड़ा जाएगा।
प्रदेश में नौकरियों की कोई कमी नहीं
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश में नौकरियों की कोई कमी नहीं है। सरकार पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से युवाओं को रोजगार उपलब्ध करा रही है। 8 हजार लेखपाल, 32 हजार पुलिसकर्मी और 42 हजार से अधिक होमगार्ड की भर्ती प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। अब 26 जनवरी तक युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि पहले भर्ती परीक्षाओं में ‘मुन्ना भाई’ और ‘सैफई सिंडिकेट’ का बोलबाला था, लेकिन अब टैलेंट के आधार पर तेजी से नियुक्तियां हो रही हैं।
‘फीड नहीं, फ्यूचर स्क्रॉल करें युवा’
योगी ने कहा कि युवा फीड नहीं, फ्यूचर स्क्रॉल करें। रील देखने में 30 सेकंड लगाने के बजाय स्किलिंग पर तीन घंटे दें। सोशल मीडिया पर मिलने वाली सूचनाओं का फैक्ट चेक करने और डिजिटल सुरक्षा का भी ध्यान रखें। उन्होंने बताया कि योजना के पहले चरण में 60 लाख युवाओं को टैबलेट व स्मार्टफोन दिए गए, जबकि दूसरे चरण में 25 लाख टैबलेट वितरित किए जा रहे हैं। उन्होंने युवाओं से जनगणना-2027 की स्वगणना और मतदाता सूची पुनरीक्षण में भी डिजिटल माध्यम से भागीदारी की अपील की।



