सीएम योगी की मां के निधन पर आजम खां ने जताया शोक, बोले- मां जैसी दौलत कहां होती है
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां के निधन पर समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खां समेत पक्ष और विपक्ष के कई नेताओं ने शोक व्यक्त किया है। आजम खान ने दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि मां जैसी दौलत कहां होती है। माता का निधन जीवन का बहुत बड़ा सदमा है। इस दुख की घड़ी में उन्होंने मुख्यमंत्री और उनके परिवार के प्रति संवेदना जताई।
अखिलेश यादव ने जताया दुख
वहीं समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव, कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष अराधना मिश्रा मोना और राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय महासचिव अनिल दुबे ने भी मुख्यमंत्री की मां के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त की। अखिलेश यादव ने एक्स पर प्रेषित शोक संदेश में कहा, ” उप्र के मुख्यमंत्री जी की पूज्य माता जी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। विनम्र श्रद्धांजलि के साथ उनकी आत्मा की शांति के लिए हम प्रार्थना करते हैं। शोक संतप्त परिजनों के प्रति हमारी गहरी संवेदनाएं।
अराधना मिश्रा मोना बोलीं- मां का जाना गहरा दुख
कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पूज्यनीय माताजी श्रीमती सावित्री देवी जी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति एवं शोक संतप्त परिजनों को इस असह्य दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने के लिए ईश्वर से प्रार्थना की है। उन्होने कहा कि माँ का चले जाना जीवन का ऐसा गहरा दुःख है जिसकी रिक्तता कभी पूरी नहीं हो सकती। परमपिता परमेश्वर दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें।
यह भी पढ़ें:-CM Yogi Mother Death : सीएम योगी मां के अंतिम दर्शन के लिए उत्तराखंड रवाना, 91 वर्ष की उम्र में सावित्री देवी का निधन
अनिल दुबे ने भी व्यक्त की संवेदना
रालोद महासचिव अनिल दुबे ने मुख्यमंत्री योगी की मां के निधन पर शोक व्यक्त करते कहा कि मां का साया सिर से उठ जाना जीवन की सबसे बड़ी पीड़ाओं में से एक है। इस कठिन एवं दुःखद समय में मेरी संवेदनाएं माननीय मुख्यमंत्री जी और उनके समस्त परिवार के साथ हैं। उन्होंने प्रभु से दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करने तथा शोकाकुल परिवार को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति एवं धैर्य देने की प्रार्थना की है। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के पंचूर गांव में शुक्रवार को निधन हो गया। वह 91 वर्ष की थीं। उनका अंतिम संस्कार शनिवार को किया जायेगा।



