UP Scholarship : 4.60 लाख छात्रों के खातों में पहुंचे 148 करोड़, CM योगी बोले- पहले की सरकार डकार जाती थी स्कॉलरशिप
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने छात्र-छात्राओं के लिए छात्रवृत्ति और शुल्क प्रतिपूर्ति योजना के तहत बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राजधानी लखनऊ के लोक भवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रदेश के 4.60 लाख से अधिक छात्र-छात्राओं के बैंक खातों में 148 करोड़ रुपये से अधिक की छात्रवृत्ति डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से सीधे भेजी।
इस योजना का लाभ पिछड़ा वर्ग, अनुसूचित जाति, सामान्य वर्ग और अल्पसंख्यक वर्ग के पात्र विद्यार्थियों को मिला है। सरकार का कहना है कि डीबीटी के माध्यम से छात्रवृत्ति की राशि सीधे लाभार्थियों के खातों में पहुंचाई जा रही है, जिससे वितरण प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित हो सके।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पिछली सरकारों की छात्रवृत्ति व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि पहले विद्यार्थियों को पूरी छात्रवृत्ति नहीं मिलती थी और उन्हें इसके लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने पड़ते थे।
उन्होंने कहा कि अब छात्रवृत्ति की रकम सीधे विद्यार्थियों के बैंक खातों में भेजी जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा, “पहले पूरी स्कॉलरशिप नहीं मिलती थी। स्कॉलरशिप देने में पहले हेरफेर होता था। स्कॉलरशिप के लिए छात्र चक्कर लगाते रहते थे। अब सीधे खाते में स्कॉलरशिप की रकम जाती है।”
छात्रों की स्कॉलरशिप डकार जाती थी पुरानी सरकार
योगी ने कहा कि सरकार की नीयत साफ हो तो योजनाओं की सुविधाएं पात्र लोगों तक पहुंचती हैं। उन्होंने पिछली सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले छात्रवृत्ति का पैसा खा लिया जाता था और पुरानी सरकार छात्रों की स्कॉलरशिप डकार जाती थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि मौजूदा सरकार पारदर्शी व्यवस्था के तहत डीबीटी के जरिए छात्रवृत्ति की रकम सीधे विद्यार्थियों तक पहुंचा रही है।



