राज्य

UP PCS Transfer : यूपी में 23 PCS अधिकारियों के तबादले, लखनऊ-हरदोई और मुरादाबाद समेत कई जिलों के बदले एडीएम-एसडीएम

उत्तर प्रदेश शासन ने प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक चुस्त-दुरुस्त और गतिशील बनाने के उद्देश्य से प्रांतीय सिविल सेवा संवर्ग के 23 वरिष्ठ अधिकारियों का व्यापक स्थानांतरण कर दिया है। इस बड़े प्रशासनिक फेरबदल के तहत कई महत्वपूर्ण जनपदों के अपर जिलाधिकारी, उपजिलाधिकारी, नगर निगमों के अपर नगर आयुक्त और विकास प्राधिकरणों के सचिवों की जिम्मेदारी में फेरबदल किया गया है।

शासन द्वारा जारी आधिकारिक अधिसूचना के अनुसार, सभी स्थानांतरित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से अपने नए तैनाती स्थलों पर जाकर कार्यभार ग्रहण करने और शासन को इसकी रिपोर्ट भेजने के सख्त निर्देश दिए गए हैं।

हरदोई, सहारनपुर और मेरठ विकास प्राधिकरण सहित इन 12 अफसरों की बदली जिम्मेदारी

शासन द्वारा जारी सूची के अनुसार प्रशासनिक फेरबदल की शुरुआत करते हुए अपर जिलाधिकारी न्यायिक संतकबीरनगर के पद पर तैनात चंद्रेश कुमार को अब मुख्य राजस्व अधिकारी देवरिया बनाया गया है, जबकि उपजिलाधिकारी ललितपुर ज्ञानेन्द्र विक्रम को पदोन्नत करते हुए अपर जिलाधिकारी न्यायिक संतकबीरनगर की जिम्मेदारी दी गई है।

इसी क्रम में मेरठ नगर निगम की अपर नगर आयुक्त लवी त्रिपाठी को अब अपर जिलाधिकारी प्रशासन सहारनपुर के पद पर भेजा गया है और उनके स्थान पर उपजिलाधिकारी सिद्धार्थनगर राजेश कुमार को मेरठ नगर निगम का नया अपर नगर आयुक्त नियुक्त किया गया है।  उपजिलाधिकारी अम्बेडकरनगर पुष्पेंद्र पटेल अब अपर जिलाधिकारी प्रशासन रामपुर की कमान संभालेंगे।

काफी समय से प्रतीक्षारत चल रहे अर्पित गुप्ता को बांदा कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय का कुलसचिव बनाया गया है, जबकि उपजिलाधिकारी बिजनौर विजय शंकर को महात्मा बुद्ध कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय कुशीनगर के कुलसचिव पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उपजिलाधिकारी अमेठी अभिनव कन्नौजिया को दुग्ध आयुक्त कार्यालय में संयुक्त दुग्ध आयुक्त बनाया गया है।

मेरठ के अपर जिलाधिकारी नगर बृजेश कुमार सिंह को अब मेरठ विकास प्राधिकरण का नया सचिव नियुक्त किया गया है, जबकि राजस्व परिषद लखनऊ से संबद्ध शिवानी सिंह को अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति जालौन के पद पर भेजा गया है।

जालौन में तैनात रहे प्रेम चन्द्र मौर्य को अब अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व प्रतापगढ़ बनाया गया है और उत्तर प्रदेश राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद के उपनिदेशक रामजी मिश्रा को अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व लखनऊ के महत्वपूर्ण पद पर तैनात किया गया है।

एडीएम अलीगढ़ किंशुक श्रीवास्तव प्रतीक्षा सुची में, 11 अधिकारियों की नई तैनाती का पूरा ब्यौरा

प्रशासनिक सर्जरी के दूसरे हिस्से में उपजिलाधिकारी गाज़ियाबाद  राजेंद्र कुमार को अब अपर जिलाधिकारी न्यायिक हरदोई के पद पर भेजा गया है, वहीं हरदोई में तैनात रहे प्रफुल्ल कुमार त्रिपाठी को अपर जिलाधिकारी प्रशासन मुरादाबाद की नई जिम्मेदारी दी गई है।

दिव्यांगजन सशक्तिकरण निदेशालय लखनऊ के संयुक्त निदेशक बृजेश कुमार त्रिपाठी को अब अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व लखीमपुर खीरी बनाया गया है, जबकि मुजफ्फरनगर के अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अनिरुद्ध प्रताप सिंह को हटाकर उत्तर प्रदेश राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद में उपनिदेशक पद पर भेजा गया है।

अलीगढ़ की अपर जिलाधिकारी नगर किंशुक श्रीवास्तव को फिलहाल हटाकर प्रतीक्षारत सूची में डाल दिया गया है और मुरादाबाद के अपर जिलाधिकारी प्रशासन के पद पर रहीं संगीता देवी को अब अपर जिलाधिकारी नगर अलीगढ़ की नई कमान सौंपी गई है।

आजमगढ़ के अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व गंभीर सिंह को अब इसी पद पर मुजफ्फरनगर भेजा गया है, जबकि मंडी परिषद के उपनिदेशक नरेंद्र सिंह को अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व आजमगढ़ नियुक्त किया गया है।

प्रतापगढ़ के अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व आदित्य कुमार प्रजापति को अब अपर जिलाधिकारी नगर मेरठ बनाया गया है, वहीं वाराणसी के अपर नगर आयुक्त अमित कुमार को उत्तर प्रदेश राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद में उपनिदेशक पद पर भेजा गया है और हरदोई के उपजिलाधिकारी मयंक कुंडू को स्थानांतरित करते हुए उपजिलाधिकारी मुरादाबाद के पद पर नई तैनाती दी गई है।

Related Articles

Back to top button

mahjong ways

slot777