UP News: यूपी के सरकारी अस्पतालों में बेडशीट और बैंडेज सप्लाई करेंगे राज्य हथकरघा निगम और UPICA
उत्तर प्रदेश के सरकारी अस्पतालों में मरीजों के इस्तेमाल होने वाली बेडशीट, तकिया कवर और गॉज-बैंडेज जैसे जरूरी सामान की आपूर्ति अब राज्य हथकरघा निगम और यूपिका के माध्यम से कराने की तैयारी है। इससे प्रदेश के स्थानीय बुनकरों और बुनकर सहकारी समितियों को काम मिलने के साथ उनकी आमदनी बढ़ाने में भी मदद मिलने की उम्मीद है। बुधवार, 28 अक्टूबर को विधान भवन स्थित कक्ष संख्या-80 में खादी एवं ग्रामोद्योग, रेशम उद्योग, हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग मंत्री राकेश सचान ने चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग और हथकरघा विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान सरकारी अस्पतालों में इन उत्पादों की समय पर आपूर्ति सुनिश्चित करने और खरीद प्रक्रिया को व्यवस्थित बनाने पर चर्चा हुई।
बुनकरों को मिलेगा काम
मंत्री राकेश सचान ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार स्थानीय बुनकरों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए काम कर रही है। सरकारी अस्पतालों में इस्तेमाल होने वाले उत्पादों की खरीद राज्य हथकरघा निगम और यूपिका के माध्यम से कराने से प्रदेश के बुनकरों को बाजार उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। इस व्यवस्था के तहत अस्पतालों में इस्तेमाल होने वाली बेडशीट, पिलो कवर, गॉज और बैंडेज क्लॉथ की आपूर्ति की जाएगी। इससे सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों की जरूरत पूरी करने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार और कारोबार को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
गुणवत्ता के तय होंगे मानक
बैठक में मंत्री ने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए कि अस्पतालों में फिलहाल इस्तेमाल हो रहे उत्पादों के मानक और नमूने जल्द उपलब्ध कराए जाएं। इसके आधार पर राज्य हथकरघा निगम नए नमूने तैयार करेगा और उन्हें स्वास्थ्य विभाग के सामने पेश करेगा। इस प्रक्रिया का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि अस्पतालों को मिलने वाले उत्पाद निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप हों। नमूनों और मानकों पर सहमति बनने के बाद आपूर्ति की व्यवस्था को आगे बढ़ाया जा सकेगा।
खरीद प्रक्रिया होगी पारदर्शी
मंत्री राकेश सचान ने चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, चिकित्सा शिक्षा विभाग और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अधिकारियों को आपूर्ति से जुड़ी औपचारिकताएं जल्द पूरी करने के निर्देश दिए। इसके तहत यूपिका और यूपी हैंडलूम्स के साथ स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (एसओपी) और समझौता ज्ञापन (एमओयू) को अंतिम रूप दिया जाना है। उन्होंने यह भी कहा कि सरकारी खरीद की प्रक्रिया जेम पोर्टल पर राज्य सरकार की ओर से अधिसूचित नियमों के अनुसार पूरी की जाए, ताकि खरीद और आपूर्ति का काम पारदर्शी तरीके से हो सके।
समय पर आपूर्ति पर जोर
बैठक में इस बात पर जोर दिया गया कि सरकारी अस्पतालों को जरूरी उत्पाद तय समय पर उपलब्ध हों। इसके लिए संबंधित विभागों और संस्थाओं के बीच समन्वय बनाकर काम करने के निर्देश दिए गए हैं। फिलहाल एसओपी, समझौता ज्ञापन और उत्पादों के नमूनों से जुड़ी प्रक्रिया को अंतिम रूप देने की तैयारी है। इसके पूरा होने के बाद राज्य हथकरघा निगम और यूपिका के माध्यम से सरकारी अस्पतालों में इन उत्पादों की आपूर्ति का रास्ता साफ होगा।
बैठक में हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग विभाग के प्रमुख सचिव अनिल कुमार सागर सहित राज्य हथकरघा निगम, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, अस्पतालों के प्रतिनिधि और तकनीकी विशेषज्ञ मौजूद रहे।



