फ्लैश न्यूजभारत

पहाड़ों में बर्फबारी…उत्तर भारत के मैदानी क्षेत्रों में सामान्य से नीचे रहा तापमान

उत्तर भारत के हिमालयी क्षेत्र के कई हिस्से रविवार को हुई बर्फबारी के कारण बर्फ की मोटी परत से ढंक गए, जबकि मैदानी इलाकों में कई स्थानों पर न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे रहा। राष्ट्रीय राजधानी में न्यूनतम तापमान में और गिरावट देखी गई। शहर के मुख्य मौसम केंद्र सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से लगभग एक डिग्री कम है।

रविवार को यहां पालम में न्यूनतम तापमान सबसे कम 4.5 डिग्री सेल्सियस रहा। दिल्ली में लगातार दूसरे दिन वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) में सुधार देखा गया और यह 153 के स्तर पर पहुंचकर ‘मध्यम’ श्रेणी में आ गया।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने सोमवार रात दिल्ली में आमतौर पर बादल छाए रहने और सुबह के समय हल्की से मध्यम धुंध छाए रहने का अनुमान लगाया है। जम्मू कश्मीर में कई स्थानों पर हल्की बर्फबारी होती रही। हालांकि मौसम की स्थिति में मामूली सुधार हुआ, जिससे दो दिनों के बाद श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात आंशिक रूप से बहाल हो सका।

कश्मीर घाटी में रात का तापमान हिमांक बिंदु से काफी नीचे रहा। गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान शून्य से 10.2 डिग्री सेल्सियस नीचे और श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से 1.6 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। घाटी इस समय 40 दिनों की कड़ाके की सर्दी की चपेट में है।

Related Articles

Back to top button

mahjong ways

slot777