
प्रधानमंत्री मोदी का इजरायल दौरा अहम, नेतन्याहू बोले- एआई और क्वांटम को लेकर होगी बात
तेल अवीव। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय आधिकारिक दौरे पर बुधवार को इजरायल पहुंचेंगे। उनके इजरायली समकक्ष प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने इस यात्रा को महत्वपूर्ण बताया है। उनके अनुसार, इससे दोनों देशों के बीच आर्थिक, राजनयिक और सुरक्षा सहयोग बढ़ेगा। विशेष रूप से हाई-टेक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), और क्वांटम टेक्नोलॉजी के क्षेत्रों पर फोकस रहेगा।
तय कार्यक्रमानुसार दोपहर को वो नेसेट (इजरायली संसद) को संबोधित करेंगे, और दोनों नेता याद वाशेम (विश्व होलोकॉस्ट स्मरण केंद्र) जाएंगे और यरुशलम में एक इनोवेशन इवेंट में शामिल होंगे। नेतन्याहू ने भारत के साथ मिलकर चरमपंथ के खिलाफ सशक्त समूह बनाने की बात की।
उन्होंने कहा इजरायल “मिडिल ईस्ट के आसपास या अंदर एक पूरा सिस्टम बनाएगा—असल में गठबंधनों का एक तरह का हेक्सागन, जिसमें भारत, ग्रीस, साइप्रस और बिना नाम वाले अरब, अफ्रीकी और एशियाई देशों का नाम शामिल है।
उन्होंने कहा, “यहां मकसद ऐसे देशों की एक धुरी बनाना है जो कट्टरपंथियों की धुरी के उलट, असलियत, चुनौतियों और लक्ष्यों को एक ही तरह से देखें। इन सभी देशों का नजरिया अलग है, और हमारे बीच सहयोग से बहुत अच्छे नतीजे मिल सकते हैं और बेशक, यह हमारी ताकत और हमारे भविष्य को भी पक्का कर सकता है।
नेतन्याहू को पीएम मोदी की यात्रा से काफी उम्मीदें हैं। 15 फरवरी को यरूशलम में बड़े अमेरिकी-यहूदी संगठनों की कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए, नेतन्याहू ने कहा था कि दोनों प्रधानमंत्री “हर तरह के सहयोग” पर चर्चा करने वाले हैं। उन्होंने कहा, “अब भारत कोई छोटा देश नहीं है। यहां 140 करोड़ लोग रहते हैं। भारत बहुत ताकतवर है और बहुत लोकप्रिय भी है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 25 फरवरी को इजरायल के अपने दो दिवसीय दौरे की शुरुआत करेंगे। 9 साल बाद वो इजरायल जा रहे हैं। पहली बार वो 2017 में गए थे तब ये किसी भी भारतीय पीएम की पहली इजरायल यात्रा थी।



