फ्लैश न्यूज

51 हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र, PM मोदी बोले- विकास के साथ बनते हैं रोजगार के नए अवसर

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को 20वें रोजगार मेले में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए विभिन्न सरकारी विभागों और संगठनों में नवनियुक्त 51 हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए। देशभर में आयोजित इस रोजगार मेले का आयोजन 45 स्थानों पर किया गया। इसके साथ ही रोजगार मेलों के जरिए नियुक्ति पत्र पाने वाले युवाओं की कुल संख्या करीब 12.75 लाख हो गई है।

प्रधानमंत्री ने इस मौके पर नवनियुक्त युवाओं और उनके परिवारों को बधाई देते हुए कहा कि आज का दिन हजारों परिवारों के जीवन में नई खुशी लेकर आया है। उन्होंने कहा कि युवाओं की सफलता के पीछे उनकी मेहनत के साथ-साथ माता-पिता और परिवार के सदस्यों का योगदान भी महत्वपूर्ण है।

विकास के साथ बनते हैं रोजगार के नए अवसर

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि युवाओं के लिए नए अवसर तभी बनते हैं, जब देश की अर्थव्यवस्था आगे बढ़ती है, निवेश बढ़ता है, नए उद्योग स्थापित होते हैं और नए सेक्टर विकसित होते हैं। उन्होंने कहा कि भारत आज तेजी से विकास करने वाली बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है।

प्रधानमंत्री के मुताबिक, चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में भारत की विकास दर 7.8 प्रतिशत रही, जबकि निवेश में करीब 12 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई। उन्होंने कहा कि भारत की विकास यात्रा में पिछले वर्षों में किए गए सुधारों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।

दुनिया में बढ़ा भारतीय युवाओं के टैलेंट का भरोसा

पीएम मोदी ने कहा कि भारतीय युवाओं के टैलेंट और स्किल्स ने दुनिया का भरोसा जीता है। दुनिया को भारत के इनोवेटर्स, उद्यमियों और युवा शक्ति से बड़ी उम्मीदें हैं।

उन्होंने हाल में संपन्न BRICS सम्मेलन का जिक्र करते हुए कहा कि भारत का प्रयास है कि BRICS सहयोग केवल सरकारों तक सीमित न रहे, बल्कि उद्यमी, किसान, महिलाएं और युवा भी इस साझेदारी के सक्रिय भागीदार बनें। भारत ने बीते वर्षों में करीब 40 देशों के साथ मुक्त व्यापार समझौते किए हैं और प्रधानमंत्री के अनुसार ये समझौते युवाओं के लिए संभावनाओं के नए द्वार खोल रहे हैं।

2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य में युवाओं की भूमिका

प्रधानमंत्री ने कहा कि नवनियुक्त युवा ऐसे समय में भारत सरकार से जुड़े हैं, जब देश 2047 तक विकसित भारत बनाने के बड़े लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि इस लक्ष्य को हासिल करने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।

उन्होंने नवनियुक्त कर्मचारियों से युवाओं की आकांक्षाओं को समझने और अपनी जिम्मेदारियों को पूरी प्रतिबद्धता के साथ निभाने की अपील की। पीएम ने कहा कि सरकारी सेवा में रहते हुए लिए गए निर्णय विकसित और आत्मनिर्भर भारत के अभियान को मजबूत करने वाले होने चाहिए।

कविता के जरिए युवाओं में भरा उत्साह

अपने संबोधन के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने एक कविता की पंक्तियां भी पढ़ीं—

“सूरज हमारा हो, समंदर भी हमारा हो।
नाव हमारी हो, नाविक भी हमारा हो।
लहरों पर विजय लिखें, वो हौसला हमारा हो।”

उन्होंने कहा कि आज भारत का युवा इसी हौसले के साथ आगे बढ़ रहा है। उन्होंने नवनियुक्त युवाओं से देश के अन्य युवाओं की आकांक्षाओं को समझते हुए अपनी जिम्मेदारियों को बेहतर ढंग से निभाने को कहा।

जितेंद्र सिंह बोले- नियुक्ति प्रक्रिया में आया पारदर्शिता और समयबद्धता का बदलाव

रोजगार मेले को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 2023 में शुरू किए गए रोजगार मेले का यह 20वां आयोजन है।

उन्होंने कहा कि अब तक के रोजगार मेलों का आकलन करने पर सरकारी नौकरियों में नियुक्तियों की संख्या बढ़ने के साथ-साथ भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता और समय-सीमा का अनुशासन भी आया है।

डॉ. जितेंद्र सिंह ने UPSC, SSC और रेलवे भर्ती बोर्ड जैसी प्रमुख भर्ती एजेंसियों के माध्यम से होने वाली नियुक्तियों का उल्लेख किया और रोजगार मेले के जरिए युवाओं को सरकारी सेवाओं से जोड़ने की प्रक्रिया को रेखांकित किया।

Related Articles

Back to top button

mahjong ways

slot777