CM योगी का सपा पर हमला, बोले- तब पैसे देने पर मिलती थी नौकरी, प्रतिभाओं को नहीं मिलता था मौका
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को समाजवादी पार्टी की पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए भर्ती प्रक्रिया में भ्रष्टाचार और वसूली के गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि सपा सरकार के कार्यकाल में नौकरी के नाम पर वसूली होती थी। परीक्षा कोई अभ्यर्थी देता था और नौकरी किसी दूसरे को मिल जाती थी। आयोग और बोर्ड तक बंधक बना लिए गए थे। पैसे देने वालों को नौकरी मिलती थी, जबकि प्रतिभाशाली युवाओं को अवसर से वंचित रहना पड़ता था।
मुख्यमंत्री बुधवार को लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान (आईजीपी) में आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) के माध्यम से राजस्व विभाग में नवचयनित 1,146 कनिष्ठ सहायकों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक भी मौजूद रहे।
सपा सरकार में वसूली करता था सिंडिकेट : योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अगर उस समय युवाओं को रोजगार मिलता तो उन्हें दूसरे प्रदेशों में पलायन नहीं करना पड़ता। सपा सरकार के दौरान एक सिंडिकेट नौकरी के नाम पर वसूली करता था और शासन में बैठे लोग इस व्यवस्था को संरक्षण देते थे। उन्होंने आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार से कमाया गया पैसा विदेशी बैंकों में जमा कराया जाता था। उस दौर में पीएसी की 34 कंपनियां बंद कर दी गई थीं।
चार बार की सपा सरकार में 1,500 दंगों का आरोप
सीएम योगी ने समाजवादी पार्टी की चार बार की सरकार का जिक्र करते हुए प्रदेश में 1,500 दंगे होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पहले उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब थी और भर्ती प्रक्रिया भी भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ी हुई थी। उनकी सरकार में भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बनाया गया है, जिससे योग्य और प्रतिभाशाली युवाओं को उनकी मेहनत के आधार पर नौकरी मिल रही है।
1,146 कनिष्ठ सहायकों को मिले नियुक्ति पत्र
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने राजस्व विभाग में चयनित 1,146 कनिष्ठ सहायकों को नियुक्ति पत्र सौंपे। उन्होंने नवचयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। नियुक्तियों में पारदर्शिता और योग्यता को महत्व दिया जा रहा है।




