Lok Sabha में Anti-Paper Leak, Rajya Sabha में Vande Mataram बिल पास; हंगामे से संसद ठप
बुधवार को लोकसभा में ‘एंटी-पेपर लीक बिल’ पर राहुल गांधी के भाषण के दौरान काफी हंगामा हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि गृह मंत्री अमित शाह ने परीक्षा में गड़बड़ी के खिलाफ़ विरोध कर रहे छात्रों पर पैलेट चलाने का आदेश दिया था। NDA नेताओं ने उनकी बातों पर कड़ी आपत्ति जताई और उनसे माफ़ी की मांग की। हंगामे के कारण स्पीकर को कार्यवाही दोपहर 2:30 बजे तक स्थगित करनी पड़ी। जब सदन की कार्यवाही दोबारा शुरू हुई, तो इसे दो मिनट के भीतर ही दोपहर 3 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया। इसके बाद, लोकसभा ने ‘एंटी-पेपर लीक बिल’ को ध्वनि मत से पारित कर दिया। वहीं राज्यसभा में विपक्ष के वॉकआउट के बीच ‘वंदे मातरम बिल’ भी पारित हो गया।
लोकसभा की कार्यवाही
दिल्ली में पिछले सप्ताह प्रदर्शन करने वाले छात्रों पर पुलिस कार्रवाई को लेकर गृह मंत्री अमित शाह के बयान की मांग कर रहे विपक्षी दलों के सदस्यों के हंगामे के कारण बुधवार को लोकसभा की बैठक शुरू होने के कुछ मिनट बाद ही दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दी गई और सदन में आज भी प्रश्नकाल नहीं हो सका।
केंद्रीय राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने बुधवार, 29 जुलाई को पुलिस की ज्यादतियों को लेकर विपक्ष के आरोपों का जवाब देते हुए कहा कि बार-बार यह साफ़ किया गया कि कोई गोली नहीं चलाई गई; सिर्फ़ आँसू गैस का इस्तेमाल किया गया। ऐसा आदेश देने का अधिकार मजिस्ट्रेट के पास होता है, मंत्री के पास नहीं।
सरकार ने जन्म और मृत्यु के पंजीकरण संबंधी कानून में संशोधन करने के प्रावधान वाले विधेयक बुधवार को लोकसभा में किया। गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने सदन में विपक्ष के हंगामे के बीच जन्म और मृत्यु का पंजीकरण (संशोधन) विधेयक, 2026 पेश किया।
राज्यसभा की कार्यवाही
राज्यसभा में बुधवार को गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने कांग्रेस पर तुष्टीकरण की नीति के कारण राष्ट्रगीत का विरोध करने का आरोप लगाया और कहा कि ‘वंदे मातरम्’ के विरोध का मतलब ‘‘भारत तेरे टुकड़े होंगे गैंग’’ के मनोबल को बढ़ाना है। उच्च सदन में राय ने यह बात राष्ट्र गौरव अपमान निवारण (संशोधन) विधेयक, 2026 पर हुई चर्चा का जवाब देते हुए कही। उनके जवाब के बाद सदन ने इस विधेयक को ध्वनिमत से पारित कर दिया।



